सोनपूरी में राज्यपाल का जनसंवाद, अंतिम पंक्ति तक योजनाओं के लाभ पर जोर

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने अपने खैरागढ़ दौरे के दौरान गोद लिए गांव सोनपूरी का दौरा किया। वहां उन्होंने लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का असली मकसद तभी पूरा होगा जब उनका फायदा सबसे गरीब और आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी सरकारी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया, ताकि सोनपूरी गांव को एक आदर्श गांव बनाया जा सके।
राज्यपाल ने उन लोगों से बात की जिन्हें पहले ही सरकारी योजनाओं का फायदा मिल चुका था। लोगों से बातचीत के दौरान, उन्होंने घोषणा की कि राजभवन से छात्रों को कौशल विकास की ट्रेनिंग के लिए 5-5 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसी तरह, गांव वालों ने श्मशान घाट के रखरखाव और बाउंड्री बनाने की मांग की। इस पर उन्होंने राजभवन से 5 लाख रुपए की मदद देने की बात कही।
राज्यपाल डेका ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बहुत अच्छा काम कर रही हैं। इन समूहों ने न सिर्फ महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद की है, बल्कि गांव की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े बदलाव लाते हैं।
इस मौके पर राज्यपाल की उप सचिव सुश्री निधि साहू, सोनपुरी गांव के सरपंच, अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, और बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे।