राजधानी के वार्ड 59 में भाजपा प्रत्याशी अंजली गोलछा की ऐतिहासिक जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। राजधानी रायपुर के मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड क्र. 59 में भाजपा प्रत्याशी अंजली जितेंद्र गोलछा ने कांग्रेस के 20 वर्षों के वर्चस्व को समाप्त कर दिया। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी कविता अमित दास को 2670 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
इस चुनाव में अंजली जितेंद्र गोलछा को कुल 5398 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस की कविता अमित दास को 2727 मतों से संतोष करना पड़ा। यह जीत भाजपा के लिए ऐतिहासिक साबित हुई, क्योंकि इस वार्ड पर कांग्रेस के सुमीत दास और अमित दास का लगातार 20 वर्षों से कब्जा था।
जनता का आक्रोश और बदलाव की लहर
भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र गोलछा ने इस जीत को जनता का जनमत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस के पार्षदों ने आम जनता की उपेक्षा की और उनके विकास कार्यों में रुचि नहीं ली। वार्ड में भ्रष्टाचार, अवैध निर्माण, नशे का कारोबार, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिला। जनता इन मुद्दों से परेशान थी और उन्होंने बदलाव का संकल्प लिया।
पिछले वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, मजदूर कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचा। योजनाओं का लाभ सिर्फ चहेतों को दिया गया, जिससे आम जनता में आक्रोश था। इस बार के चुनाव में जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाने का निर्णय लिया और भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
वार्ड के विकास का नया विजन
श्रीमती अंजली गोलछा शिक्षित और संस्कारित पृष्ठभूमि से आती हैं। उन्होंने वार्ड के विकास के लिए कई योजनाओं की घोषणा की है। जितेंद्र गोलछा ने कहा कि अब वार्ड में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर किया जाएगा और इसे राजधानी रायपुर के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
आम जनता की समस्याओं को हल करने और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समय-समय पर वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए स्मार्ट सिटी मॉडल पर ई-टॉयलेट, सड़क, पेयजल, नाली और गार्डन जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी। इसके अलावा, पढ़ने वाले बच्चों के लिए शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम, महिलाओं के लिए रोजगार प्रशिक्षण शिविर और स्वरोजगार के नए साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस जीत के साथ ही वार्ड क्र. 59 में एक नई राजनीतिक और विकास की दिशा की शुरुआत हुई है। भाजपा की यह जीत रायपुर की राजनीति में नए समीकरण बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती है।