छत्तीसगढ़

कृषक उन्नति योजना : रायपुर जिले के 1 लाख 30 हजार 773 पात्र किसानों के खाते में सहायता राशि का अंतरण

रायपुर। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना कृषक उन्नति योजना का आज शुभारंभ हुआ। जिला स्तर पर इसका आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में हुआ। इसके तहत आज रायपुर जिले के 1 लाख 30 हजार 773 पात्र किसानों के खाते में 648 करोड़ 62 लाख रूपए की आदान सहायता राशि का अंतरण किया गया। साथ ही किसानों को प्रतीकात्मक चेक का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल थे।

मंत्री अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों के लिए आज बड़ा शुभ दिन है, 24 लाख से अधिक किसानों के बैंक खाते में 13 हजार 320 करोड़ रूपए डाले गए है। इससे किसान समृद्ध होंगे और उनकी उन्नति भी तेज गति से होगी। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व ही प्रदेश की माताओं एवं बहनों के बैंक खाते में हज़ार रूपए प्रति व्यक्ति के रूप में अंतरित किया गया। इससे छत्तीसगढ़ की महिलाओं का सम्मान बढ़ रहा है, एवं वह आर्थिक रूप से सशक्त होगीं। कृषि उन्नति योजना से प्राप्त राशि एवं महतारी वंदन योजना से माताओं को मिलने वाली राशि हमारे छत्तीसगढ़ वासी का बेहतर उपयोग कर सकेंगे। बच्चों के पढ़ाई पर, उन्नत खेती पर, स्वरोजगार पर या फिर  अन्य जरूरत की चीजें खरीदी करनी हो तो अब प्रदेश के किसानों व माता-बहनों को दिक्कत नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि तीन माह पूर्व इसी मैदान पर हमारी सरकार ने आप सभी के आर्शीवाद से शपथ ली थी। केवल तीन महीने में ही हमने मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन की परिकल्पना परीलक्षित करते हुए कई गारंटियों को पूर्ण कर चुके है।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि आज हमारे प्रदेश के लिए और खासकर किसान भाईयों के लिए महत्वपूर्ण दिन है। इसी मंच से दो दिन पूर्व ही महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हमारी माता-बहनों को एक-एक हजार रूपए आंतरित किया गया और आज हमारे किसान भाइ्रयों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत राशि ट्रासंफर किया जा रहा है। जिससे प्रदेश में आज धनतेरस त्यौहार जैसा उत्साह है।

सांसद सुनील सोनी ने कहा कि किसान भाईयों को अब बार-बार इंतजार करने की जरूरत नही पडे़गी, न ही बार-बार आपको किश्त का इंतजार करना होगा। बल्कि हमारी सरकार एकमुश्त पैसा हर किसान भाईयों के बैंक खाते में डाल रही है। जिस पैसे का उचित उपयोग करके जीवन को खुशमय बना सकतेे हैं। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि सरकार गठन के बाद केवल तीन माह के अंतराल में ही हमारी सरकार ने सभी गारंटी पूरी कर ली है। पहले ही कैबिनेट में 18 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान देने की गारंटी को पूरा किया। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार चार किश्तों में राशि दे रही थी, लेकिन हमारी सरकार ने योजना बनाई थी, धान बेचो फट से, पैसा झोको झट से जिसके तहत अब कृषक उन्नति योजना अंतर्गत हमारी सरकार एकमुश्त राशि दे रही है।

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में जिला रायपुर की 4 विकासखंड अंतर्गत 126 सहकारी समितियों द्वारा संचालित धान उपार्जन केंद्र 139 में समर्थन मूल्य पर किसानों ने धान विक्रय किया है। किसानों से धान खरीदी की मात्रा 7 लाख 13 हजार 439 मीट्रिक टन का राशि 15 सौ 58 करोड़ रूपये से अधिक राशि किसानों के बैंक खाते में ऑनलाईन भुगतान किया जा चुका है। आज कृषक उन्नति योजनांतर्गत् जिले के धान विक्रय करने वाले 1 लाख 30 हज़ार 773 पात्र कृषकों को प्रति एकड़ 19 हज़ार 257 रूपये के मान से 648.62 करोड़ रूपये से अधिक राशि का उनके बैंक खाते में ऑनलाईन भुगतान किया गया।

नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम के अंत में आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एसपी संतोष सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button