सांसद कमलेश व विधायक कविता लहरे ने किया नवीन तहसील भवन व उप पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण

बिलाईगढ़। नगर पंचायत भटगांव में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित नवीन तहसील भवन और उप पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण और शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा क्षेत्र के सांसद कमलेश जांगड़े और बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे ने रिबन काटकर दोनों भवनों का उद्घाटन किया।
लंबी प्रतीक्षा के बाद पूरी हुई मांग
भटगांव के नागरिक पिछले 22 वर्षों से तहसील भवन और उप पंजीयक कार्यालय की मांग कर रहे थे, जो आज पूरी हो गई। उद्घाटन समारोह में सांसद जांगड़े और विधायक लहरें ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी और भवनों का निरीक्षण किया।
विधायक कविता लहरे का संबोधन
विधायक कविता लहरे ने इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र की पुरानी मांग, सारंगढ़-झारसुगुड़ा रेल लाइन को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने नवीन तहसील भवन और उप पंजीयक कार्यालय के उद्घाटन पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।
सांसद कमलेश जांगड़े का संबोधन
सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी योजनाओं पर प्रकाश डाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना की। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें और आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस कार्यक्रम ने भटगांव के विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत की है, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सेवाओं में सुविधाएं मिलेंगी।