सेंट्रल जेल से सश्रम कारावास की सजा काट रहा कैदी फरार, जेल प्रहरी निलबिंत

रायपुर। रायपुर में एक कैदी दिनदहाड़े सेंट्रल जेल से भाग गया। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब जेल मुख्यालय से पांच कैदियों को काम के लिए भेजा गया था। इसी दौरान, चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू नामक कैदी जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, चंद्रवीर उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है और एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 साल की सजा काट रहा था। गुरुवार दोपहर उसे मनीष राजवाडे नामक प्रहरी की देखरेख में पुराने जेल मुख्यालय में मरम्मत के काम के लिए भेजा गया था। काम करते समय दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच, वह अन्य कैदियों और प्रहरी को चकमा देकर पुराने जेल मुख्यालय के पीछे से भाग निकला।
जब कैदी और प्रहरी ने पिंटू को आसपास ढूँढा और वह नहीं मिला, तो प्रहरी ने इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचित किया गया। फिलहाल, जेल प्रशासन ने इस घटना के लिए जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया है।