छत्तीसगढ़

कैपिटल ऑफ क्राइम बन गया है रायपुर : दीपक बैज

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद भी सरकार की नींद नहीं टूट रही है। प्रदेश में रोज आपराधिक घटनायें बढ़ते जा रही है। बलात्कार, लूट, चाकूबाजी, चैनस्नेचिंग, गुंडागर्दी की खबरों से अखबार भरा पड़ा है।

गैंगवार हो रहे हैं, सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्यायें हो रही है। नशे का कारोबार 8 माह में पूरे प्रदेश में फैल गया है, स्वयं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राज्य में गांजा की खपत पर चिंता जाहिर कर चुके है। भाजपाई दृष्टिदोष का शिकार हो गये है। उन्हें आम आदमी की परेशानी दिखाई नहीं पड़ रही है। सत्ता के मद में भाजपाई जनसरोकारों को भूल बैठे है।

दीपक बैज ने कहा कि रायपुर कैपिटल ऑफ क्राइम बन गया है। राजधानी में सड़क पर भी महिलायें सुरक्षित नहीं है। ऐसा कोई दिन नहीं है जब हत्या, लूट, चाकूबाजी की घटना नहीं होती है। रायपुर तो चाकूपुर बन गया है। कल ही एक युवक को बदमाशों ने मरणासन्न होते तक पीटा, वहीं एक अन्य युवक की हत्या कर दी गयी। प्रदेश का ऐसा कोई शहर नहीं है जहां रोज खूनी वारदात नहीं होती हो। पुलिस अपना मूलकाम अपराधों पर अंकुश लगाने के बजाय सरकार की चाटुकारिता में लगी है। भाजपा राज में पुलिस अपना मूल कार्य अपराधों पर नियंत्रण करना छोड़ राजनैतिक षड़यंत्र करने में व्यस्त है। सत्तारूढ़ दल के संरक्षण में अपराधी बेलगाम हो गये है।

उन्होंने कहा कि 8 महीने की साय सरकार में प्रदेश में कानून व्यवस्था खस्ताहाल हो गई है, 8 माह में ही राजधानी में गोलीबारी की 4 घटना हुई है। अंतर्राज्यीय गैंगस्टर राज्य में पैर पसार रहे है, सरकार है की मूकदर्शक बनी हुई है। 8 माह में राज्य में हत्या की 600 से अधिक बलात्कार तथा छेड़छाड़ की 3094 घटनायें, अपहरण 251, हत्या के प्रयास 700 घटनायें हुई है। राजधानी में 4 गोलीबारी की घटना हो गयी।

2018 के पहले भी भाजपा की रमन सरकार में पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं में अराजकता का माहौल था। अवैध कारोबार, भू-माफिया, रेत माफिया, गांजा तस्कर, ड्रग्स तस्कर, मानव तस्करों का बोलबाला था। आज फिर वही स्थिति निर्मित हो गई है। कांग्रेस सरकार में जो मजबूत कानून व्यवस्था था उसे 8 महीने में ही साय सरकार ने पलीता लगा दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button