छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के गौरवशाली भविष्य की दस्तक : नवा रायपुर में खुलेगा प्रदेश का पहला ‘स्पेस सेंटर’

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब सिर्फ धान का कटोरा ही नहीं, बल्कि अंतरिक्ष विज्ञान का नया केंद्र भी बनने जा रहा है। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में राज्य का पहला अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र (Space Center) स्थापित होने जा रहा है, जो प्रदेश के शैक्षणिक और वैज्ञानिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

प्रोजेक्ट ‘अंतरिक्ष संगवारी’: छात्रों के सपनों को मिलेगी उड़ान

जिला प्रशासन द्वारा आईडीवायएम (IDYM) फाउंडेशन और सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर अंतरिक्ष विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ना है।

इस केंद्र की मदद से प्रदेश के छात्र न केवल सैटेलाइट (उपग्रह) निर्माण की बारीकियां सीखेंगे, बल्कि रॉकेट लॉन्चिंग और अंतरिक्ष में तैरते उपग्रहों की ट्रैकिंग जैसी जटिल प्रक्रियाओं का भी अनुभव कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री साय करेंगे भव्य शुभारंभ

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 3 फरवरी को सुबह 10 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी (नवा रायपुर) में किया जाएगा। यह केंद्र आधुनिक उपकरणों और शोध सुविधाओं से लैस है, जो स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर की वैज्ञानिक सोच प्रदान करेगा।

एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला बनेंगे मार्गदर्शक

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि देश के गौरव और अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस स्पेस सेंटर का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान वे स्वयं उपस्थित रहेंगे और छात्रों से सीधा संवाद कर उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस केंद्र की प्रमुख विशेषताएं:

प्रायोगिक शिक्षा: छात्र स्वयं सैटेलाइट डिजाइन और असेंबल करना सीखेंगे।

रियल-टाइम ट्रैकिंग: अंतरिक्ष में मौजूद उपग्रहों के डेटा को ट्रैक करने की सुविधा।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण: ग्रामीण और शहरी छात्रों के बीच वैज्ञानिक अंतर को कम करना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button