राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव : आईटीआई छात्रा ने हासिल किया शीर्ष स्थान, पीएम करेंगे सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। भिलाई के महिला आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) की छात्रा उमा ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उमा, जो स्टेनोग्राफी एवं सेक्रेट्रियल असिस्टेंट (हिंदी) ट्रेड की प्रशिक्षणार्थी हैं, उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय ने 24 सितंबर 2025 को विभिन्न ट्रेडों में शीर्ष स्थान पाने वाले 35 प्रशिक्षणार्थियों की सूची जारी की, और इस गौरवशाली सूची में छत्तीसगढ़ राज्य से स्थान बनाने वाली उमा इकलौती प्रशिक्षणार्थी हैं। उन्होंने अपने ट्रेड में देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
प्रधानमंत्री करेंगे सम्मानित
उमा सहित इन 35 मेधावी छात्रों को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी 02 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले चौथे कौशल दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उमा ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय कौशल विकास के प्रति अपने समर्पण और संस्थान द्वारा दिए गए उन्नत प्रशिक्षण को दिया है।
कौशल विकास की दिशा में छत्तीसगढ़ के प्रयास
छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। राज्य सरकार युवाओं में कौशल विकास प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास कर रही है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ युवाओं को बेहतर रोजगार दिलाने की दिशा में भी गंभीरतापूर्वक कदम उठाए जा रहे हैं।
बेहतर मार्गदर्शन का परिणाम
रोजगार एवं प्रशिक्षण के संचालक विजय दयाराम के कुशल मार्गदर्शन ने विभाग के प्रयासों को नई दिशा दी है। उमा की यह अखिल भारतीय स्तर की सफलता यह साबित करती है कि विभाग में शुरू किए गए बेहतर मार्गदर्शन के सकारात्मक परिणाम मिलने लगे हैं।
दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक आर.बी. तिवारी और संस्था के प्राचार्य श्री टी.के. सातपुते ने उमा को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और इस सफलता का श्रेय विभाग के संचालक विजय दयाराम से प्राप्त कुशल नेतृत्व को दिया।
















