मुख्यमंत्री साय ने दी 58 लाख की स्वीकृति, जशपुर के 13 गांवों में बिखरेगी रौशनी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल ब्लॉक में लंबे समय से अधूरी पड़ी बिजलीकरण की समस्या को हल करने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। उन्होंने क्षेत्र के 13 गाँवों और उनकी सहायक बस्तियों में विद्युतीकरण का काम पूरा करने के लिए ₹58 लाख की राशि मंजूर की है।
इस परियोजना के तहत, पूसरा, पोंगरो, कांसाबेल, बाँसबहार, चोगरीबहार, देवरी, दोकड़ा, सारूकछार, बटईकेला, नरियलडांड, फरसाजुड़वाईन, खूंटीटोली और बेलटोली जैसे गाँवों में बिजली केबल बिछाने और अन्य बचे हुए काम पूरे किए जाएंगे। इस कदम से इन गाँवों में बिजली पहुँचने पर लोगों को अँधेरे से मुक्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री को जैसे ही इन अधूरे कामों की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत इसे पूरा करने का आदेश दिया। अब मंजूरी मिलने के बाद, काम शुरू हो चुका है।
इस पहल से गाँवों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिजली आने से न केवल उनका जीवन बेहतर होगा, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और गाँव के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
















