छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के महादेव घाट में आयोजित ‘खारुन मैया समरसता भव्य महाआरती’ में भाग लिया। यह विशाल आयोजन यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सनातन ध्वज वाहिनी और महिला मोर्चा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। इस दौरान खारुन नदी के तट पर 2100 दीपक जलाकर दीपदान भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में देश का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। वे आधुनिक भारत के निर्माता हैं और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं, जिसका लाभ 140 करोड़ भारतीय नागरिकों को मिल रहा है। उन्होंने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हमारी डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि साध्वी प्रज्ञा भारती के मार्गदर्शन में चंद्रपुर में महानदी के किनारे गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जो आज भी जारी है। उन्होंने स्वयं उस आरती में भाग लिया था। इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी में भी गंगा आरती शुरू हुई, जो नदी संरक्षण के लिए एक सराहनीय कदम है। उन्होंने खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं और इस भव्य आयोजन के लिए सनातन ध्वज वाहिनी और महिला मोर्चा के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।

रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी गहरी आस्था को दर्शाती है। यह हमें नदियों से जोड़ती है और हमें उनके संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एहसास कराती है। यह परंपरा प्राचीन काल से ही हमारे सनातन धर्म का अभिन्न अंग रही है। नदियां हमेशा से हमारी संस्कृति और आस्था का केंद्र रही हैं। सांसद श्री अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

इस आयोजन में पूज्य साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोती लाल साहू, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष श्री केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button