मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी जीवनदायिनी : शासकीय मदद से किसान गणेशराम का किडनी प्रत्यारोपण सफल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना उन परिवारों के लिए संजीवनी सिद्ध हो रही है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों का बड़ा खर्च उठाना मुश्किल होता है। इस योजना ने एक बार फिर जशपुर जिले के बगीचा निवासी 48 वर्षीय किसान गणेशराम यादव को नई ज़िंदगी दी है।
लाखों का इलाज हुआ निःशुल्क
किसान गणेशराम की दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी थीं और वह कई महीनों से डायलिसिस पर थे। डॉक्टरों ने उन्हें किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी, लेकिन उपचार के भारी खर्च ने उनके परिवार की उम्मीदें तोड़ दीं। एक किसान परिवार के लिए इतना बड़ा खर्च उठाना असंभव था, जिससे परिवार असहाय महसूस कर रहा था और जीवन की आस धीरे-धीरे समाप्त हो रही थी।
इसी मुश्किल समय में, उन्हें कुनकुरी सदन के माध्यम से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। परिवार ने तुरंत पहल की, आवश्यक दस्तावेज़ तैयार किए, और बिना किसी जटिलता के, योजना के तहत उनका पूरा उपचार निःशुल्क स्वीकृत हो गया।
माँ ने दिया दूसरी बार जीवनदान
गणेशराम को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती कराया गया। उनके उपचार के लिए उनकी 64 वर्षीय माता श्रीमती सरस्वती यादव ने निःसंकोच अपनी किडनी दान कर दी। इस प्रकार, एक माँ ने अपने बेटे को दूसरी बार जीवनदान दिया।
किडनी प्रत्यारोपण सफल रहा, और अब गणेशराम पूरी तरह स्वस्थ हैं। घर लौटने के बाद उनका परिवार एक बार फिर खुशियों से भर उठा है।
“यह योजना नहीं होती तो शायद मैं ज़िंदा नहीं होता”
स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के बाद, गणेशराम अपने परिवार के साथ राजधानी रायपुर स्थित निवास पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मिले। कृतज्ञता और भावनाओं से भरी आँखों के साथ, गणेशराम ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि, “अगर यह योजना नहीं होती, तो शायद मैं आज ज़िंदा नहीं होता। सरकार ने हमारी जीवन की टूटी हुई आस को फिर से लौटा दिया।”
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गणेशराम और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात की और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि, “प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाने का अधिकारी है। हमारी सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे — यही सच्चे अर्थों में जनसेवा है।”
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में, यह योजना स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मानवीयता और करुणा को एक नया आयाम दे रही है।
















