खेल

वुमेंस वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, सचिन तेंदुलकर ने इन 4 खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की

नई दिल्ली (एजेंसी)। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम ने आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत को देखकर ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी खुशी से झूम उठे। सचिन तेंदुलकर अच्छी तरह जानते हैं कि आईसीसी इवेंट्स में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को कितने मौके पर हराया है, लेकिन इस बार भारतीय महिला टीम ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। महिला टीम ने वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

सचिन तेंदुलकर ने भारतीय महिला टीम को इस जीत की बधाई दी और चार खिलाड़ियों का खास तौर पर जिक्र करते हुए उनकी जमकर तारीफ की।

सचिन ने इन खिलाड़ियों को सराहा

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा:

“क्या शानदार जीत है! जेमिमा रोड्रिक्स और हरमनप्रीत कौर को सामने से नेतृत्व करने के लिए बहुत-बहुत बधाई। श्री चरणी और दीप्ति शर्मा, आप दोनों ने अपनी गेंदबाजी से मैच को रोमांचक बनाए रखा। तिरंगा यूं ही ऊंचा फहराते रहो।”

कैसा रहा भारत (INDW) बनाम ऑस्ट्रेलिया (AUSW) का रोमांचक मैच?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड (119 रन) के बेहतरीन शतक की बदौलत बोर्ड पर 338 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लिचफील्ड के अलावा अनुभवी बल्लेबाज ऐलिस पैरी (77 रन) और एशले गार्डनर (45 गेंदों पर 63 रन) ने भी ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

भारत के लिए गेंदबाजी में श्री चरणी सबसे किफायती साबित हुईं, जिन्होंने अपने 10 ओवरों के कोटे में सिर्फ 49 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा ने भी अंत में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर लगाम कसी और उन्हें भी इस मैच में दो विकेट मिले।

भारत के लिए इस बड़े स्कोर का पीछा करना आसान नहीं था, क्योंकि महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में टीम इंडिया ने कभी भी 265 रनों से ज्यादा का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल नहीं किया था। साथ ही, महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी सबसे ज्यादा रन चेज करने का रिकॉर्ड 331 रनों का था।

इतिहास रचते हुए भारत ने किया चेज

मगर इन सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जेमिमा रोड्रिक्स (127* रन) के यादगार नाबाद शतक और कप्तान हरमनप्रीत कौर की 89 रनों की तूफानी पारी के दम पर भारतीय टीम ने 9 गेंदें शेष रहते ही इस विशाल स्कोर को सफलतापूर्वक चेज किया और इतिहास रच दिया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से धूल चटाकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

जेमिमा रोड्रिक्स को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। अब भारत का फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका से होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button