छत्तीसगढ़

क्षेत्र के विकास और शांति हेतु संकल्पित : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

सुकमा के सुदूर वनांचल ग्राम दुलेड कैम्प का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया दौरा

रायपुर। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान सुकमा जिले के दूरस्थ वन क्षेत्र के गांव दुलेड पहुँचे। उन्होंने वहाँ स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान, उप मुख्यमंत्री ने जवानों से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। उन्होंने विकट और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी ‘लाल आतंक’ को जड़ से मिटाने के लिए जवानों के कार्यों की सराहना की। श्री शर्मा ने कहा कि यह उनके साहस और संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि आज राज्य के कई क्षेत्र नक्सलवाद के खौफ से मुक्त हो चुके हैं।

ग्रामीणों को अब सच्चे विकास का अनुभव

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने दुलेड के ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए एक जनचौपाल भी आयोजित की। उन्होंने कहा कि दुलेड में सुरक्षा कैम्प स्थापित होने के बाद यहाँ मूलभूत परिवर्तन आए हैं। कई वर्षों तक नक्सलियों ने गाँव तक बिजली, पीने के पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को पहुँचने से रोका, और शिक्षा का प्रसार करने वाले शिक्षकों की हत्या की, लेकिन अब हमारे गाँव तैयार हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे मिलकर गाँव के विकास के लिए कार्य करें। सरकार भी इस क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह समर्पित है और लगातार काम कर रही है, ताकि यहाँ के लोगों को उनके वन उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके और वे शासकीय योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें गाँव में वास्तविक विकास महसूस हो रहा है और उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।

वनांचल के विकास के लिए शासन की विभिन्न योजनाएं

ग्रामीण अब विकास की मुख्यधारा में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में सभी जनप्रतिनिधि मूल रूप से आदिवासी समाज से ही संबंधित हैं। संविधान द्वारा दी गई शक्तियों के अनुसार, यहाँ केवल आदिवासी वर्ग के लोग ही जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं, और यह सौभाग्य की बात है कि हमारे राज्य का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी आज आदिवासी वर्ग से हैं। ऐसे में, यदि कोई सीधे-सादे ग्रामीणों को बहकाकर हिंसा के रास्ते पर ले जाता है, या शिक्षा के लिए काम करने वाले शिक्षकों की हत्या करता है, तो वह आपको सही मार्ग से भटका रहा है। उन्होंने ज़ोर दिया कि शासन द्वारा वन क्षेत्र में रहने वाले लोगों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

‘इलवद ग्राम योजना’ के तहत विकास कार्यों को प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे अपने गाँवों के भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में 300 से अधिक लोगों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में प्रवेश किया है, जिनका उनके गाँव के गायता, पुजारी और पटेल द्वारा पारंपरिक रीति से स्वागत किया गया। सरकार ने भी आत्मसमर्पण करने वालों के लिए अपने दरवाजे खुले रखे हैं और उनके पुनर्वास के लिए एक संवेदनशील नीति तैयार की है। उन्होंने सभी को सूचित किया कि शासन की ‘इलवद ग्राम योजना’ के तहत अब नक्सल मुक्त गाँवों के लिए एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई है, जिससे गाँव में बारहमासी सड़कें, पेयजल और परिवहन जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस दौरान ग्रामीण युवाओं को खेल सामग्री का भी वितरण किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button