नक्सली नेटवर्क पर शिकंजा : सुकमा में दो सप्लायर गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। इसी क्रम में, सुकमा जिले की एर्राबोर पुलिस को एक बार फिर महत्वपूर्ण कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने दो नक्सल सप्लायरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नक्सली सप्लायरों की धरपकड़
गिरफ्तार किए गए दोनों सप्लायर थाना एर्राबोर के ग्राम मरईगुड़ा, पटेलपारा के निवासी हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुकमा जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार नक्सल उन्मूलन अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
इसी कड़ी में, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में नक्सल सप्लायर सक्रिय हैं। इस विश्वसनीय जानकारी के आधार पर, एर्राबोर थाने से उपनिरीक्षक बलराम बघेल के नेतृत्व में थाना स्टाफ का एक दल ग्राम मरईगुड़ा और पटेलपारा क्षेत्र की ओर रवाना हुआ।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
कारम चंन्द्रा: पिता स्व. कारम कन्ना (उम्र लगभग 38 साल), जाति मुरिया, निवासी ग्राम मरईगुड़ा, पटेलपारा, थाना एर्राबोर।
सोड़ी एंका: पिता स्व. सोड़ी मुत्ता (उम्र लगभग 40 साल), जाति दोरला, निवासी ग्राम मरईगुड़ा, पटेलपारा, थाना एर्राबोर, जिला सुकमा।
विस्फोटक और सामग्री बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों सप्लायरों के कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए सामानों का विवरण निम्नलिखित है:
4 नग जिलेटिन रॉड
6 नग डेटोनेटर
6 मीटर कोर्डेक्स वायर
पटाका
03 नग लकड़ी के स्पाईक
लगभग 100 ग्राम बारूद
10 नग नक्सल पर्चा
दोनों आरोपियों के इस कृत्य को विधि विरूद्ध पाए जाने पर, थाना एर्राबोर में अपराध क्रमांक 10/2025 के तहत धारा 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद, दोनों सप्लायरों को 2 नवंबर को कोर्ट के सामने रिमांड के लिए पेश किया गया।
















