कांग्रेस पर गृह मंत्री विजय शर्मा का तीखा वार : ‘यह दिल्ली नहीं, इटली से चलने वाली पार्टी है’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन के निर्माण को लेकर राजनीतिक गहमागहमी जारी है। जहाँ एक तरफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस महीने अध्यक्षों के नामों की घोषणा करने की बात कही थी, वहीं दूसरी ओर उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।
‘कांग्रेस रिमोट से चलने वाली पार्टी है, दिल्ली से नहीं, इटली से चलती है’
कांग्रेस के संगठन निर्माण के विषय पर उप-मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि, “कांग्रेस वह पार्टी है जो दिल्ली से नहीं, इटली से संचालित होती है। ये लोग रिमोट से चलने वाले लोग हैं।”
प्रधानमंत्री आवास योजना पर दी जानकारी
विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के संदर्भ में बताया कि, “पिछली सरकार ने 18 लाख आवासों को रोक रखा था। हमारी सरकार बनने के तुरंत बाद, पहली कैबिनेट बैठक में ही इसे मंजूरी दे दी गई है। हम प्रतिदिन 18 हजार आवासों का निर्माण कर रहे हैं। पिछली बार जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिलासपुर आए थे, तब ग्रामीण आवास के तहत तीन लाख लोगों को गृह प्रवेश करवाया गया था। इस बार यह संख्या और अधिक होगी।”
घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “जो घुसपैठिये कांग्रेस के लिए प्रिय होते हैं, वे उन्हें लाते हैं। मैंने यह देखा है; जिनका नाम रायपुर में था, उन्होंने कवर्धा में अपना नाम जुड़वा लिया। कांग्रेस घुसपैठियों के माध्यम से अपना वोट बैंक बनाने की कोशिश करती है।”
















