दांतों की अनदेखी : भारत में दंत समस्याओं की बढ़ती चिंता और समाधान

नई दिल्ली (एजेंसी)। आज के समय में दांतों की समस्याएं काफी आम हो गई हैं, जो हर उम्र के लोगों को प्रभावित कर रही हैं। बोरगेनप्रोजेक्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में लगभग 85 से 90 प्रतिशत वयस्कों के दांतों में कैविटी पाई जाती है। इसके अलावा, लगभग 30 प्रतिशत बच्चों के जबड़े और दांतों की बनावट सही नहीं है।
भारत में एक और चिंताजनक बात यह है कि 50 प्रतिशत से अधिक लोग दंत चिकित्सक (Dentist) के पास जाने के बजाय केमिस्ट (Chemist) से सलाह लेते हैं, और केवल 28 प्रतिशत भारतीय ही दिन में दो बार ब्रश करते हैं। यदि कोई व्यक्ति दांतों की नियमित देखभाल और चेक-अप कराता है, तो इन समस्याओं से आसानी से निपटा जा सकता है।
यूके के मैनचेस्टर में रीजनल क्लिनिकल डायरेक्टर, पीरियोडॉन्टिस्ट और इम्प्लांट डेंटिस्ट, फैजान जहीर ने Express.co.uk से बात करते हुए कहा, ‘दांतों के कई मामलों में लोग डेंटिस्ट की सलाह नहीं लेते। धीरे-धीरे समस्या बढ़ती है और फिर आगे चलकर यह गंभीर रूप ले लेती है। मसूड़ों (gums) की समस्या सबसे खतरनाक होती है। यदि इसका इलाज न किया जाए तो यह आसपास की हड्डी को भी गला सकती है। इसलिए, अपने मुंह के स्वास्थ्य (oral health) का हमेशा ख्याल रखना चाहिए।’
कई बार लोगों को अपने मुंह या दांतों में कुछ संकेत दिखाई देते हैं, जिन्हें वे अक्सर अनदेखा कर देते हैं। ऐसा करना गलत है। यदि आपको भी अपने मुंह में नीचे बताए गए संकेत नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
मुंह में दिख रहे इन संकेतों को न करें नज़रअंदाज़
मुंह और जीभ में गांठ या सूजन: मुंह या जीभ पर सूजन आना किसी गंभीर बीमारी (serious illness) का संकेत हो सकता है। डेंटिस्ट फैजान जहीर ने सलाह दी है कि यदि आपके मुंह या जीभ में कोई गांठ या सूजन है, तो तुरंत डेंटिस्ट को दिखाना और चेक-अप कराना चाहिए। हालांकि, अधिकतर मामलों में यह खतरनाक नहीं होता, लेकिन कभी-कभी यह कैंसर का लक्षण भी हो सकता है।
लंबे समय तक मुंह में छाले बने रहना: डेंटिस्ट फैजान जहीर के अनुसार, यदि किसी के मुंह में लगातार छाले (mouth ulcers) बने रहते हैं, तो उसे भी डेंटिस्ट को दिखाना चाहिए। ये छाले अल्सर के लक्षण हो सकते हैं और इनके इलाज के लिए किसी विशेषज्ञ डॉक्टर (Specialist Doctor) से मिलना जरूरी है। यदि छाले 10 दिन बाद भी ठीक नहीं होते, निगलने में कठिनाई होती है, या कुछ खाने पर मुंह में दर्द होता है, तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करें।
मसूड़ों से खून आना: मसूड़ों से खून आना मसूड़ों की बीमारी (gum disease) का संकेत हो सकता है। डेंटिस्ट फैजान बताते हैं कि जब कोई ब्रश करता है और उसके मसूड़ों से खून निकलता है, तो यह मसूड़ों की बीमारी का संकेत हो सकता है। यदि इसका इलाज न किया जाए तो समस्या गंभीर हो सकती है। चूंकि इस समस्या में अक्सर दर्द नहीं होता, इसलिए कई लोग इसे अनदेखा कर देते हैं, लेकिन आपको ऐसा करने से बचना चाहिए।
मुंह में असामान्य लक्षण: यदि कोई अपने मुंह या दांत में कोई भी ऐसा लक्षण महसूस करे जो सामान्य न लगे, तो भी डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। कई बार दांतों की बीमारियों के लक्षण मुंह में भी दिखाई दे सकते हैं।
















