युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलेगी 50 लाख की अनुग्रह राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में कई अहम घोषणाएं की गई हैं।
शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलेगी बढ़ी हुई अनुग्रह राशि
अब युद्ध या सैन्य कार्रवाई में शहीद होने वाले सैनिकों की पत्नियों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। यह राशि उनके बलिदान के सम्मान में दी जा रही है ताकि उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
वीरता पुरस्कार प्राप्त जवानों के लिए बढ़ी सम्मान राशि
वीरता अलंकरण प्राप्त करने वाले जवानों को दी जाने वाली सम्मान राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। परमवीर चक्र विजेताओं को अब 40 लाख रुपये की जगह 1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, युद्ध में विकलांग हुए सैनिकों के लिए भी अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। सैनिकों के माता-पिता को मिलने वाली सालाना जंगी इनाम राशि भी 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कई अन्य कल्याणकारी निर्णय भी लिए गए। इनमें से एक महत्वपूर्ण निर्णय यह है कि सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को पहली बार भूमि या घर खरीदने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार हमेशा सैनिकों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है, क्योंकि वे दिन-रात देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनका कल्याण करना सरकार का कर्तव्य है। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की बेहतरी के लिए कई सार्थक सुझावों पर भी चर्चा हुई।
















