छत्तीसगढ़

धमतरी जिले को 117 करोड़ से अधिक की सड़क सौगात, बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने धमतरी जिले में आवागमन को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनके तहत कुल 117 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस बुनियादी ढांचे के विकास से जिले में व्यापार, कृषि, पर्यटन और रोजगार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत परियोजनाओं का विवरण:

कुरूद क्षेत्र मार्ग (35.87 करोड़ रुपये): वर्ष 2025-26 के बजट के तहत कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरीया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किमी हिस्से के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों का जिला और ब्लॉक मुख्यालय से सीधा संपर्क मजबूत होगा।

धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग (81.44 करोड़ रुपये): मुख्य जिला मार्ग-243 के 11.40 किमी हिस्से को अपग्रेड किया जाएगा। इसमें 5 किमी का हिस्सा 4-लेन और 6.40 किमी का हिस्सा 2-लेन के रूप में विकसित होगा, जिससे यातायात का दबाव कम होगा।

ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों को मिलेगी नई कनेक्टिविटी

देवपुर-कंडेल-छाती मार्ग को टू-लेन बनाए जाने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। यह मार्ग ऐतिहासिक स्थल कंडेल (महात्मा गांधी के आगमन व नहर सत्याग्रह से जुड़ा गांव) और पर्यटन केंद्र देवपुर को सीधे जोड़ेगा। धमतरी-रायपुर कॉरिडोर से बेहतर जुड़ाव होने से औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

भविष्य की योजनाएं

जिले में पिछले कुछ समय में तीन फोरलेन सड़कें पूरी हो चुकी हैं और ‘गौरव पथ’ को भी मंजूरी मिल चुकी है। प्रशासन की योजना अगले दो वर्षों के भीतर जिले की करीब 12 अन्य प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार और विस्तार की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button