मुख्यमंत्री के आदेश पर मुसाफिर पंजी का प्रभावी क्रियान्वयन, गाँव-गाँव में बाहरी लोगों का ब्यौरा दर्ज

रायपुर। हाल ही में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी, जिसमें उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ ही ‘मुसाफिर पंजी’ को ठीक से लागू करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि गाँव में बाहर के राज्यों और शहरों से आने वाले व्यक्तियों की पूरी जानकारी रखी जाए। कोटवार की पंजी में उनका नाम, पता, आधार और मोबाइल नंबर सहित यह विवरण दर्ज होना चाहिए कि वे किस उद्देश्य से आए हैं, कहाँ से आए हैं और कितने समय तक रुकेंगे।
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों का तत्काल पालन करते हुए कोरिया जिले की सोनहत तहसील के सभी 79 कोटवारों ने मुसाफिर पंजी को व्यवस्थित कर लिया है। इस पंजी में दर्ज जानकारियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पटवारी और कानूनगो द्वारा इसका निरीक्षण भी किया गया है।
इन पंजियों में बाहरी शहरों और राज्यों से आने वाले फेरीवाले, बर्तन बेचने वाले, श्रृंगार सामग्री विक्रेता और अन्य यात्रियों का विवरण नियमित रूप से दर्ज किया जा रहा है। इस पहल से ग्राम स्तर पर लोगों के आने-जाने पर निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
















