वर्दी की मर्यादा भूली : बाबा बागेश्वर के पैर छूने पर रायपुर के टीआई पर गिरी गाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक पुलिस अधिकारी को अपनी ड्यूटी के दौरान धार्मिक आस्था का सार्वजनिक प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के रायपुर आगमन पर उनके पैर छूने वाले थाना प्रभारी (TI) मनीष तिवारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में पंडित धीरेंद्र शास्त्री एक निजी चार्टर्ड विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे टीआई मनीष तिवारी ने बाबा के स्वागत के दौरान पहले उन्हें सलामी दी और फिर झुककर उनके चरण स्पर्श किए। वर्दी में अनुशासन की सीमा लांघते हुए पैर छूने का यह वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
विभाग की सख्त कार्रवाई
वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वर्दी की गरिमा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने इस पर कड़ा रुख अपनाया। पुलिस सेवा नियमावली के अनुसार, ड्यूटी के दौरान किसी भी अधिकारी को अपनी व्यक्तिगत धार्मिक मान्यताओं का प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होती है।
इस आचरण को पुलिस आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए एसएसपी ने टीआई मनीष तिवारी को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया। विभाग का मानना है कि वर्दीधारी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर पूरी तरह तटस्थ और अनुशासित रहना चाहिए ताकि पुलिस की निष्पक्ष छवि बनी रहे।
















