गोवा सरकार ने छत्तीसगढ़ को दी 5 करोड़ की सहायता, मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार

रायपुर। हाल ही में बस्तर और दंतेवाड़ा में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए, गोवा सरकार ने छत्तीसगढ़ को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस सहयोग के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “डॉ. प्रमोद सावंत जी, आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद। यह सहयोग न केवल प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास में मदद करेगा, बल्कि यह भी दिखाता है कि हमारा देश हर संकट का सामना एकजुट होकर कर सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि आपदा की इस घड़ी में गोवा का यह सहयोग बस्तर संभाग के प्रभावित लोगों को एक बड़ी मदद और संबल प्रदान करेगा।
मध्य प्रदेश सरकार भी आई थी मदद के लिए आगे
इससे पहले, मध्य प्रदेश सरकार ने भी बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया था। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की राशि भेजी थी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भी ट्रेन के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में भेजी थी।
उस समय सीएम यादव ने कहा था, “अतिवृष्टि के कारण छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि हम अपने पड़ोसी राज्यों की मदद करें।” इसी भावना के साथ उन्होंने सहायता राशि और राहत सामग्री भेजी थी।
भारी बारिश और बाढ़ के कारण बस्तर और दंतेवाड़ा में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, और राज्य सरकार लगातार बचाव और राहत कार्यों में जुटी हुई है।