छत्तीसगढ़

गोपालपुर की सड़कों का होगा कायाकल्प, मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर ने किया ₹1.5 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 54 (जमनीपाली) के अंतर्गत आने वाले गोपालपुर पुनर्वास गांव के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से जर्जर हाल में पड़ी यहाँ की सड़कों के जीर्णोद्धार और डामरीकरण के लिए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विधिवत भूमिपूजन किया।

गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने निगम अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण कार्य तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए और इसे निर्धारित समय के भीतर ही पूरा किया जाए।

NTPC के सहयोग से विकास को गति

इस परियोजना के लिए NTPC के सीएसआर (CSR) मद से 1 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मंत्री श्री देवांगन ने सार्वजनिक और औद्योगिक संस्थानों से अपील की कि वे अपने दत्तक पुनर्वास गांवों को ‘आदर्श ग्राम’ के रूप में विकसित करने के लिए संवेदनशीलता दिखाएं। उन्होंने बताया कि अकेले इस वार्ड में वर्तमान में करोड़ों के विकास कार्य प्रगति पर हैं।

क्षेत्रीय विकास: निगम क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों में विभिन्न मदों से लगभग 865 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।

जनसुविधाओं को प्राथमिकता: महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में कोरबा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

25 साल का इंतज़ार खत्म: स्थानीय पार्षद मुकुंद सिंह कंवर ने बताया कि ग्रामीण पिछले 25 वर्षों से इन खराब सड़कों से जूझ रहे थे। डामरीकरण के साथ-साथ अब गांव में स्ट्रीट लाइट और कोसगाई दाई मंदिर में बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जाएगा।

भूमिपूजन के इस अवसर पर पार्षद नरेन्द्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, राधा महंत, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी सहित भारी संख्या में वार्डवासी और एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button