छत्तीसगढ़

प्रेस क्लब में बिखरे होली के रंग : मुख्यमंत्री साय ने नगाड़ा बजाकर बढ़ाया पत्रकारों का उत्साह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘रंगोत्सव’ और पारंपरिक ‘महामूर्ख सम्मेलन 2026’ में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को रंगों के पावन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि होली का त्योहार हमारे समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की जड़ों को गहरा करने का माध्यम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पर्व पुराने मतभेदों को मिटाकर रिश्तों में नई मिठास घोलने का संदेश देता है।

सामाजिक सौहार्द की मिसाल है रायपुर प्रेस क्लब

मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ त्यौहारों को सामूहिक रूप से मनाने की जो शानदार परंपरा विकसित की गई है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब वर्षों से अपनी सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रहा है, जिसे भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ जारी रखा जाना चाहिए।

खास रहा स्वागत का अंदाज

समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत बेहद दिलचस्प और अनूठे तरीके से किया गया। प्रेस क्लब के सदस्यों ने उन्हें मिर्च की माला पहनाई और एक त्रिशूल के आकार वाली पिचकारी भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के विशेष होली अंक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

जब मुख्यमंत्री ने खुद थामा नगाड़ा

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह पल रहा जब मुख्यमंत्री श्री साय ने खुद नगाड़ा बजाना शुरू कर दिया। उनके नगाड़ा बजाते ही उपस्थित पत्रकारों और मेहमानों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुँच गया। पारंपरिक फाग गीतों और ढोल की थाप पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ जमकर होली की खुशियाँ साझा कीं।

इस भव्य मिलन समारोह में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, सलाहकार श्री आर कृष्णा दास, सांसद श्री संतोष पांडेय, विधायक श्री सुनील सोनी व श्री मोतीलाल साहू, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button