गृहमंत्री विजय शर्मा ने घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा, कहा- नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी

बीजापुर। गृहमंत्री विजय शर्मा दो दिन के बस्तर दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने बीजापुर जिले के अति नक्सल प्रभावित दुलेड़ गांव का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मिले। साथ ही, उन्होंने गांव में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया।
घोर नक्सल इलाके में बाइक पर घूमते दिखे
इस दौरान, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जन चौपाल लगाई, जहाँ ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याएँ बताईं। उपमुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद, उपमुख्यमंत्री ने मोटरसाइकिल में बैठकर नम्बी जलप्रपात का भी दौरा किया।
लोगों की सुनी समस्याएँ और जवानों से की मुलाकात
उन्होंने कहा कि बस्तर में पर्यटन की बहुत संभावनाएँ हैं। अंदरूनी इलाकों में मौजूद जलप्रपातों के आसपास जिन जगहों पर पुलिस कैंप स्थापित किए जा रहे हैं, वहाँ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में नम्बी वॉटरफॉल एक प्रसिद्ध जलप्रपात के रूप में गिना जाएगा। इसके बाद, उपमुख्यमंत्री ने दुलेड़ में खुले सीआरपीएफ कैंप का दौरा किया और नक्सल मोर्चे पर तैनात CRPF के जवानों से मुलाकात की।
नक्सलियों के विरुद्ध ऑपरेशन रहेगा जारी
बीजापुर जिले के दुलेड़ गांव का दौरा करने के बाद देर शाम जगदलपुर मुख्यालय पहुँचे उपमुख्यमंत्री ने हाल ही में पुनर्वास से जुड़े नक्सलियों से पीटीएस (PTS) में मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने साफ किया कि बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन बंद नहीं किए जाएंगे, बल्कि उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जवानों के एंटी-नक्सल ऑपरेशन की वजह से ही बड़ी संख्या में नक्सली पुनर्वास में लौट रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जो माओवादी पुलिस से संपर्क कर पुनर्वास से जुड़ेंगे, उनका “लाल कालीन बिछाकर स्वागत” किया जाएगा, लेकिन हथियारबंद नक्सलियों को अब जंगल में घूमने की अनुमति नहीं होगी। नक्सल मोर्चे पर तैनात जवान जंगलों में एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलाकर अपना अभियान जारी रखेंगे।
















