जी.20 शिखर सम्मेलन में बुलाने पर बंगलादेश ने भारत को दिया धन्यवाद

ढाका (एजेंसी)। बंगलादेश के वित्त मंत्री ए.एच.एम. मुस्तफा कमाल ने जी-20 शिखर सम्मेलन में ‘अतिथि देश’ के तौर पर आमंत्रित करने के लिए भारतीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया है। सम्मेलन से इतर दोनों देशों के वित्त मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बैठक में श्रीमती सीतारमण ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की।
यह जानकारी वित्त मंत्रालय की ओर से मंगलवार को दी गयी। वित्त मंत्रालय के अनुसार गुजरात के गांधीनगर में जी20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक से इतर श्री कमाल और श्रीमती सीतारमण के बीच एक द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक की शुरुआत में श्रीमती सीतारमण ने बंगलादेश के वित्त मंत्री कमाल का स्वागत किया। दोनों देशों के वित्त मंत्रियों ने बंगलादेश और भारत के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
बंगलादेश के वित्त मंत्री कमाल ने कहा कि बंगलादेश के साथ भारत के रिश्ते बहुत मजबूत और मैत्रीपूर्ण हैं। भारत का नाम हमारे महान मुक्ति संग्राम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बंगबंधु, बंगलादेश और भारत ये तीन नाम मुक्ति संग्राम से बहत करीब से जुड़े हुए हैं। श्री कमाल ने कहा भारत न केवल बंगलादेश का सबसे करीबी पड़ोसी है, बल्कि हमारा भरोसेमंद दोस्त भी है।
हमारा इतिहास, भाषा, संस्कृति और मानसिकता भारत के साथ बहुत करीबी से जुड़ी हुई है। विकास एवं प्रगति का एक समृद्ध इतिहास रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि बंगलादेश जी-20 गठबंधन का सदस्य नहीं होने के बावजूद उसे दक्षिण एशियाई क्षेत्र में ‘अतिथि देश’ का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मेजबान भारत ने बंगलादेश को दक्षिण एशिया में एकमात्र ‘अतिथि देश’ के रूप में आमंत्रित किया है।
वित्त मंत्री ने इसके लिए भारत का आभार व्यक्त किया है। भारत की वित्त मंत्री सीतारमण ने दोनों देशों के संबंधों के विकास तथा बंगलादेश के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व की प्रशंसा की। इस बीच, वित्त मंत्री कमाल ने श्रीमती सीतारमण से बंगलादेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को देखने के लिए अपने देश आने का निमंत्रण दिया।