देश-विदेश

फ्लोरिडा में अंधाधुंध गोलीबारी, तीन अश्वेतों की मौत

दिल्ली (एजेंसी)। अमेरिका में फ्लोरिडा राज्य के जैक्सनविले में शनिवार को एक स्टोर में गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया एक शख्स गन लेकर स्टोर में घुसा। उसने तीन अश्वेत लोगों को निशाना बनाकर गोली मार दी। तीनों की मौत हो गई। यह एक नस्लीय हमला था। रॉयटर्स के मुताबिक, तीनों की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार दी।

जैक्सनविले के शेरिफ टीके वॉटर्स ने बताया- आरोपी अश्वेत लोगों ने नफरत करता था। मरने वालों में 2 पुरुष और 1 महिला शामिल थी। शूटिंग से पहले आरोपी ने परिजनों, मीडिया और पुलिस अधिकारियों के लिए कई मेनिफेस्टो भी जारी किए थे, जिसमें उसने अश्वेतों के खिलाफ अपनी नफरत को बताया था।

राष्ट्रपति बाइडेन को दी गई घटना की सूचना

FBI ने बताया कि हेट क्राइम हमेशा से उनकी प्रायॉरिटी रहा है। ये कुछ खास समुदाय के लोगों को डराने-धमकाने के मकसद से किया जाता है। फिलहाल फ्लोरिडा शूटिंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अटॉर्नी जनरल मेरिक गार्लैंड को जानकारी दी गई है। वहीं जैक्सनविले में रह रहे लोगों और खासकर अश्वेतों को हाई-अलर्ट पर रखा गया है।

अमेरिका में इस साल मास शूटिंग के 469 मामले

अमेरिका की गन वॉयलेंस आर्काइव के मुताबिक, यहां मास शूटिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस साल अब तक ऐसे 469 मामले सामने आ चुके हैं। अमेरिका में गन कल्चर का इतिहास करीब 230 साल पुराना है।

अमेरिका की आबादी 33 करोड़ और यहां 40 करोड़ गन

नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।
अक्टूबर 2020 के गैलप सर्वे के मुताबिक, 44% अमेरिकी वयस्क उस घर में रहते हैं, जहां बंदूकें हैं, इनमें से एक तिहाई वयस्कों के पास बंदूकें हैं। 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 63 हजार लाइसेंस्ड गन डीलर थे, जिन्होंने उस साल अमेरिकी नागरिकों को 83 हजार करोड़ रुपए की बंदूकें बेची थीं।

अमेरिका 231 साल बाद भी अपने गन कल्चर को खत्म नहीं कर पाया है। इसकी दो वजहें हैं। पहली- कई अमेरिकी राष्ट्रपति से लेकर वहां के राज्यों के गवर्नर तक इस कल्चर को बनाए रखने की वकालत करते रहे हैं। दूसरी- गन बनाने वाली कंपनियां, यानी गन लॉबी भी इस कल्चर के बने रहने की प्रमुख वजह है।

1791 में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिका नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया। अमेरिका में इस कल्चर की शुरुआत तब हुई थी, जब वहां अंग्रेजों का शासन था। उस वक्त वहां परमानेंट सिक्योरिटी फोर्स नहीं थी, इसीलिए लोगों को अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार रखने का अधिकार दिया गया, लेकिन ये कानून आज भी जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button