एमपी विधानसभा चुनाव : भाजपा ने केंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी, 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को दिया टिकट

दिल्ली (एजेंसी)। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने केंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी की है। इसमें 39 उम्मीदवारों के नाम हैं। खास बात ये है कि इस लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्रियों में मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रह्लाद पटेल और निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है।
वहीं भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर विधानसभा क्रमांक 1 से टिकट दिया गया है। भाजपा ने 17 अगस्त को जारी पहली लिस्ट में भी 39 नामों का ऐलान किया था, इसलिए ये 39 का आंकड़ा चर्चा में है।
4 सांसदों को टिकट, 3 विधायकों के टिकट कटे
बीजेपी 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को टिकट दिया है। 3 केंद्रीय मंत्रियों के अलावा BJP जिन चार सांसद को विधानसभा चुनाव लड़ा रही है, उनमें जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीति पाठक और गाडरवारा से उदय प्रताप सिंह के नाम शामिल हैं।
BJP ने दूसरी लिस्ट में जिन 39 सीटों पर नामों का ऐलान किया है उनमें से 36 सीटें 2018 के चुनाव में हारी हुई हैं। 3 सीटें BJP के कब्जे में हैं। इनमें मैहर से नारायण त्रिपाठी, सीधी से केदारनाथ शुक्ला और नरसिंहपुर से जालम सिंह पटेल का टिकट काटा गया है।
मैहर विधानसभा सीट से BJP विधायक नारायण त्रिपाठी की जगह BJP ने श्रीकांत चतुर्वेदी को अपना प्रत्याशी बनाया है। नारायण त्रिपाठी कुछ दिन पहले ही अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं। हालांकि, अभी घोषित तौर पर भाजपा से अलग नहीं हुए थे।
सीधी विधानसभा सीट से वर्तमान BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला की जगह सीधी से सांसद रीति पाठक को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें, सीधी में पेशाब कांड के बाद कांग्रेस BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला पर हमलावर थी। वह पेशाब कांड के आरोपी को केदारनाथ शुक्ला से जुड़ा होना बताती रही है।
7 पूर्व विधायकों को मिला टिकट
भाजपा की दूसरी लिस्ट में 7 पूर्व विधायकों के नाम हैं। इनमें श्योपुर से दुर्गालाल विजय, मुरैना से रघुराज कंसाना, सेंवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, डबरा से इमरती देवी, करैरा से रमेश खटीक, कोतमा से दिलीप जायसवाल, सिहावल विश्वामित्र पाठक, जुन्नारदेव से नत्थन शाह, खिलचीपुर से हजारी लाल दांगी, थांदला से कल सिंह भाबर, देपालपुर से मनोज पटेल और सैलाना से संगीता चारेल का नाम है।
अटल के भांजे की हारी हुई सीट पर सिंधिया समर्थक को मौका
BJP की दूसरी लिस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा का टिकट काट दिया गया है। ग्वालियर जिले की भितरवार सीट पर 2018 में पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा चुनाव लडे़ थे, लेकिन वे 12130 वोटों से चुनाव हार गए थे। BJP ने इस सीट पर अनूप मिश्रा के बजाए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी मोहन सिंह राठौर को उतारा है।
सिंधिया समर्थक जसवंत जाटव को मौका नहीं
करैरा से सिंधिया समर्थक जसवंत जाटव का टिकट कट गया है। 2018 में ये कांग्रेस विधायक चुने गए थे। सिंधिया के साथ भाजपा में आए और 2020 का चुनाव प्रागीलाल से हार गए थे। इस बार इनका टिकट काट दिया गया है। भाजपा ने यहां से रमेश खटीक को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, मुरैना से सिंधिया समर्थक रघुराज कंसाना और डबरा से इमरती देवी को टिकट मिल गया है। इसके अलावा सिंधिया के करीबी मोहन सिंह राठौर को भितरवार सीट से टिकट दिया गया है।
कभी थे किले के करीबी अब दिग्विजय के बेटे को देंगे चुनौती
दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में BJP ने हीरेन्द्र सिंह बंटी को उम्मीदवार बनाया है। इनके पिता मूल सिंह विधायक रह चुके हैं। हीरेन्द्र भी दिग्विजय के करीबी रहे हैं। ये डेढ़ साल पहले ही BJP में शामिल हुए थे। अभी राघौगढ़ में दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह कांग्रेस से विधायक हैं।
नेता प्रतिपक्ष के सामने बसपा से आए अंबरीश को उतारा
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के सामने BJP ने बहुजन समाज पार्टी से आए अंबरीश शर्मा गुड्डू को उतारा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में अंबरीश ने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और 31 हजार वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे थे। अब उन्हें BJP ने उम्मीदवार बनाया है।