खेल

भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज : रोहित और कोहली रांची पहुंचे

नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा तीन मैचों की आगामी वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए रांची पहुंच गए हैं। इससे पहले, बुधवार 26 नवंबर को रोहित शर्मा मुंबई से अलीबाग गए थे, जहां उन्होंने अपने फार्महाउस का काम देखा। इसके बाद उन्होंने मुंबई से रांची के लिए उड़ान भरी और पहले वनडे से पहले टीम से जुड़ गए हैं।

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी पहले ही महेंद्र सिंह धोनी के गृह नगर रांची पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि ये दोनों दिग्गज खिलाड़ी पूर्व कप्तान एमएस धोनी से मुलाकात कर सकते हैं, क्योंकि धोनी आईपीएल की तैयारियों के लिए लगभग हर दिन रांची के स्टेडियम में जाते हैं।

सीरीज का पहला मुकाबला रांची में

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच रविवार 30 नवंबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। रांची में काफी समय बाद कोई वनडे इंटरनेशनल मैच आयोजित होने जा रहा है।

इस मैदान पर आखिरी बार भी भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम ही भिड़ी थीं।

यह मुकाबला 9 अक्टूबर 2022 को खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल की थी।

उस मैच में श्रेयस अय्यर ने शतक लगाया था, लेकिन वह फिलहाल चोट के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।

रोहित-कोहली से जीत की उम्मीद

रोहित शर्मा आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में खेली गई वनडे सीरीज में किसी पेशेवर मैच में दिखाई दिए थे। उस सीरीज के आखिरी मैच में रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ा था और टीम इंडिया को जीत मिली थी। हालांकि, बारिश से प्रभावित उस सीरीज पर ऑस्ट्रेलिया ने कब्जा कर लिया था।

अब भारतीय प्रशंसकों को विराट कोहली और रोहित शर्मा से उम्मीद होगी कि वे अपनी सरजमीं पर भारत को जीत दिलाकर फैंस को खुश करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button