
IPL 2026 : क्या बेंगलुरु से छिन जाएगी RCB की मेजबानी? रायपुर और मुंबई में मैच होने की संभावना
रायपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का उत्साह अभी से क्रिकेट प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। मार्च में शुरू होने वाले इस सीजन से पहले गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। चर्चा है कि इस साल RCB अपने घरेलू (Home) मैच अपने पारंपरिक मैदान, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बजाय अन्य शहरों में खेल सकती है।
इन शहरों में हो सकते हैं मुकाबले
मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से खबर है कि आगामी सीजन में बेंगलुरु के प्रशंसक अपने घरेलू मैदान पर टीम को खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। इसकी जगह मैचों का आयोजन मुंबई और रायपुर में किया जा सकता है। प्रस्तावित योजना के अनुसार:
मुंबई (डीवाई पाटिल स्टेडियम): यहाँ RCB के 5 मुकाबले आयोजित हो सकते हैं।
रायपुर (शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम): यहाँ टीम के 2 मैच कराए जाने की संभावना है।
क्यों लिया जा रहा है यह फैसला?
इस बड़े बदलाव के पीछे सुरक्षा कारणों को मुख्य वजह बताया जा रहा है। गौरतलब है कि IPL 2025 में जब RCB ने खिताबी जीत दर्ज की थी, तब बेंगलुरु में जश्न के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी। उस दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस हादसे के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण क्षमता पर गंभीर सवाल उठे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्रेंचाइजी प्रबंधन और आयोजक इस बार जोखिम लेने से बच रहे हैं।
आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार
हालांकि रायपुर को RCB के नए ‘होम ग्राउंड’ के रूप में देखे जाने की खबरें तेज हैं, लेकिन अभी तक IPL गवर्निंग काउंसिल या RCB फ्रेंचाइजी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब आगामी शेड्यूल पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो पाएगा कि विराट कोहली और उनकी टीम इस बार किस मैदान पर चौके-छक्के लगाएगी।
















