खेल

विश्व मुक्केबाजी कप फ़ाइनल में भारत ने जीते 9 स्वर्ण

ग्रेटर नोएडा (एजेंसी)। विश्व मुक्केबाजी कप फ़ाइनल 2025 में भारतीय दल ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 20 पदक हासिल किए, जो वैश्विक स्तर पर देश के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारतीय खिलाड़ियों की जमकर सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय मुक्केबाजी के लिए एक बड़ी कामयाबी! वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फ़ाइनल 2025 में हमारे एथलीटों ने 9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य सहित 20 पदक जीतकर रिकॉर्ड बनाया है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह शानदार प्रदर्शन उस साहस, अनुशासन और जीतने की ललक को दर्शाता है जो आज भारत के खेल जगत की पहचान बन चुकी है। रिजिजू ने हर उस मुक्केबाज पर गर्व व्यक्त किया, जिसने अपने समर्पण से भारत को विश्व मंच पर गौरवान्वित किया है।

ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इन फ़ाइनल मुकाबलों में भारत की 7 महिला मुक्केबाजों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

महिला मुक्केबाजों का दबदबा

घरेलू दर्शकों के सामने, जैस्मीन लैम्बोरिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक पदक विजेता वू शिह यी को 4:1 से हराकर सबको चौंका दिया।

निकहत ज़रीन ने अपने बेहतरीन नियंत्रण और सटीकता का प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की गुओ यी ज़ुआन को 5:0 से करारी शिकस्त दी।

परवीन ने जापान की अयाका तागुची को तेज़ जवाबी हमलों और बेहतर फुटवर्क के दम पर 3:2 से हराया।

इनके अलावा, अन्य महिला मुक्केबाजों में मीनाक्षी, प्रीति, अरुंधति और नूपुर ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते।

पुरुष वर्ग में भी स्वर्णिम सफलता

पुरुष वर्ग में सचिन और हितेश ने भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाए।

सचिन (60 किलोग्राम वर्ग) ने सटीकता, गति पर नियंत्रण और साफ पंचिंग का उपयोग करते हुए किर्गिस्तान के मुनारबेक उलु सेइतबेक पर 5:0 से शानदार जीत दर्ज की।

हितेश (70 किलोग्राम वर्ग) ने शुरू में पिछड़ने के बावजूद ज़बरदस्त वापसी की और कजाकिस्तान के नूरबेक मुर्सल को कड़े मुकाबले में 3:2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button