छत्तीसगढ़

चंदखुरी में विराजेंगे प्रभु श्री राम : सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री साय से की भव्य मूर्ति स्थापना की माँग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एक बार फिर धर्मनगरी चंदखुरी से जुड़े करोड़ों भक्तों की आस्था को सामने रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने माता कौशल्या की पवित्र जन्मभूमि में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के गरिमापूर्ण और पारंपरिक स्वरूप के अनुरूप एक भव्य प्रतिमा स्थापित करने की अपील की है।

मूर्ति परिवर्तन की माँग और जन-विरोध

सांसद अग्रवाल ने अपने पत्र में साफ तौर पर बताया है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जो मूर्ति लगाई गई थी, वह भगवान श्री राम की पारंपरिक छवि से मेल नहीं खाती थी। इस कारण से भक्तों और आम जनता के बीच व्यापक विरोध उत्पन्न हुआ था।

अग्रवाल ने इस विषय को केवल सार्वजनिक मंचों पर ही नहीं उठाया, बल्कि विधानसभा में भी पूरी दृढ़ता के साथ आवाज़ बुलंद की थी और प्रभु श्री राम की गरिमा के अनुरूप नई मूर्ति की स्थापना की मांग को मजबूती से रखा था।

प्रक्रिया में देरी और चिंता का विषय

सांसद ने यह भी उल्लेख किया है कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद भी यह माँग लगातार उठती रही है, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी मूर्ति बदलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है, जिससे जनता में निराशा है।

उनके संज्ञान में यह गंभीर चिंता का विषय आया है कि छत्तीसगढ़ के लिए तैयार की गई नई मूर्ति ग्वालियर में बनने के बावजूद, विभागीय उदासीनता के कारण उसे किसी अन्य राज्य में स्थापित किए जाने की स्थिति बन रही है।

तीन माह में स्थापना और मास्टर प्लान की मांग

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से सख्त आग्रह किया है कि अगले तीन महीनों के भीतर चंदखुरी में प्रभु श्री राम की पारंपरिक स्वरूपानुकूल भव्य मूर्ति की स्थापना सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही, उन्होंने माँ कौशल्या की जन्मभूमि के समग्र विकास के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करके, उस पर प्राथमिकता से कार्य शुरू करने की भी माँग की है।

अग्रवाल ने हमेशा जन-आस्था, सांस्कृतिक धरोहरों और छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक पहचान को सर्वोच्च महत्व दिया है। चंदखुरी के विकास को लेकर उनका यह सतत प्रयास और प्रतिबद्धता इस बात का प्रमाण है कि वे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा को संजोने वाले सच्चे प्रहरी हैं।

प्रदेशवासियों को पूरा विश्वास है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल की इस सार्थक पहल पर राज्य सरकार जल्द ही फैसला लेगी और माता कौशल्या की पावन नगरी में भगवान श्री राम की गरिमा अनुरूप भव्य मूर्ति स्थापित कर करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button