रायगढ़ के एक प्लांट में बड़ा हादसा : फर्नेस फटने से तीन श्रमिक घायल, एक की स्थिति गंभीर

रायगढ़। जिले में आज एक और औद्योगिक दुर्घटना हुई है। तराईमाल स्थित एनआरवीएस प्लांट में आज सुबह फर्नेस (भट्ठी) में विस्फोट हो गया, जिससे तीन श्रमिक (मजदूर) झुलस गए। गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। दो अन्य श्रमिकों को रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह घटना पूंजीपथरा पुलिस थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनआरवीएस प्लांट में सामान्य रूप से काम चल रहा था। इसी दौरान, सुबह लगभग 7 बजे, एसएमएस फर्नेस में अचानक ज़ोरदार विस्फोट हुआ। इस ब्लास्ट की चपेट में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी रामनारायण यादव (40 वर्ष) सहित तीन श्रमिक आ गए और झुलस गए।
दुर्घटना के बाद प्लांट में मौजूद अन्य श्रमिकों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना प्लांट प्रबंधन को दी गई। प्रबंधन ने तुरंत तीनों घायल श्रमिकों को जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। जहां रामनारायण यादव की गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। बाकी दो श्रमिकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
















