मंत्री अमित शाह मांझी-चालकी के साथ अभिनन्दन भोज में हुए शामिल

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित एक खास कार्यक्रम में शिरकत की। यह आयोजन बस्तर दशहरा पर्व से जुड़े मांझी-चालकी, मेम्बर एवं मेम्बरीन के आदर-सम्मान में एक अभिनंदन भोज था।
इस भोज में परोसे गए आदिवासी समाज के पारंपरिक व्यंजनों की केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये व्यंजन बस्तर की संस्कृति, परंपरा और आदिवासी जीवन मूल्यों का अद्वितीय स्वाद पेश करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर की आदिवासी परंपरा में मांझी-चालकी, मेंबर और मेंबरीन के साथ इस तरह का सम्मान भोज केवल एक स्वागत नहीं है। यह भाईचारा, सामुदायिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का एक जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अवसर न केवल बस्तर की समृद्ध और जीवंत आदिवासी संस्कृति का उत्सव है, बल्कि यह सामाजिक एकजुटता और स्थानीय परंपराओं के प्रति हमारे सम्मान को भी व्यक्त करता है।
इस अभिनंदन भोज में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, सांसद श्री महेश कश्यप और श्री भोजराज नाग, विधायक सर्वश्री किरण सिंह देव, विनायक गोयल, चैतराम अटामी, नीलकंठ टेकाम, आशाराम नेताम तथा सुश्री लता उसेंडी समेत कई अन्य माननीय व्यक्ति मौजूद थे।
















