नक्सली आम लोगों की हत्या करना बंद करें : गृहमंत्री विजय शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली संगठन के शांति वार्ता के प्रस्ताव पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है. उन्होंने नक्सलियों से आम लोगों की हत्या रोकने और जमीन में बिछाई गई आईईडी (IED) हटाने का आग्रह किया है. शर्मा ने यह भी बताया कि उन्हें नक्सलियों से दो पत्र मिले हैं. पहला पत्र पोलित ब्यूरो के सदस्य का है, जबकि दूसरा पत्र तेलंगाना के एक जूनियर कैडर का है.
एक अन्य मामले में, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शराब घोटाला को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान प्रशासन का दुरुपयोग किया गया था. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि ईडी की जांच में यह सामने आया है कि शराब घोटाले से मिला पैसा कार्टून में भरकर कांग्रेस भवन पहुंचाया गया था. शर्मा ने कहा कि इस मामले में अभी और भी कई खुलासे होने बाकी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के दबाव के कारण कई अच्छे अधिकारी भी इस घोटाले में फंस गए. शर्मा के अनुसार, यह सच्चाई है, इसीलिए जांच में ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शराब के अवैध व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बाहरी लोगों को भी संरक्षण दिया गया था.
















