अफीम तस्करी गिरोह का पर्दाफाश : पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र में चल रहे अफीम तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जाँच के दौरान पुलिस ने मुख्य तस्कर से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया और दो और लोगों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। इन आरोपियों के पास से 11 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन ज़ब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों तक पहुँचने के लिए उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों के लेन-देन का सहारा लिया।
क्या था पूरा मामला?
इस मामले की शुरुआत 17 मार्च 2026 को हुई थी, जब कुम्हारी के खारुन ग्रीन कॉलोनी निवासी गुरमेल सिंह के पास से पुलिस ने 403 ग्राम अफीम और करीब 14.5 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। उस समय मुख्य आरोपी गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
कैसे खुला नेटवर्क?
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरमेल सिंह से गहन पूछताछ की। साथ ही, तकनीकी साक्ष्यों जैसे बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की गई। इसी जाँच के आधार पर पुलिस ने 23 मार्च को शिव प्रसाद कुमार साहू और रेशम सिंह (उर्फ पप्पू पाजी) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि ये दोनों आरोपी अवैध रूप से पैसा कमाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त का काम करते थे। फिलहाल, पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाने की कोशिश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















