छत्तीसगढ़

दीपावली की रात जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का छापा : 250 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, ₹2 लाख कैश और 200 बाइक जब्त

बेमेतरा। एक ओर जब पूरा देश दीपावली की खुशियाँ मना रहा था, वहीं बेमेतरा पुलिस ने जुआरियों के एक बड़े रैकेट पर शिकंजा कसा। नवागढ़ पुलिस ने एक निजी फार्म हाउस में छापेमारी कर 250 से अधिक जुआ खेलने वालों को पकड़ा है। इस बड़ी कार्रवाई में 200 मोटरसाइकिलें, 200 से ज्यादा मोबाइल फोन और लगभग ₹2 लाख नकद राशि बरामद हुई है।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, पुलिस को पहले ही जानकारी मिल गई थी कि रायपुर से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित एक फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ-सट्टा की पार्टी आयोजित होने वाली है। इसी इनपुट के आधार पर, पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई और दीपावली की रात लगभग 3 बजे फार्म हाउस पर अचानक धावा बोला गया। मुखबिर की सूचना सटीक निकली, और पुलिस ने 22 अलग-अलग स्थानों (फड़ों) पर जुआ खेलते हुए कुल 236 जुआरियों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के दौरान, ये जुआरी ‘बेगम-बादशाह’ नामक खेल पर दांव लगा रहे थे। पुलिस ने फार्म हाउस पर मौजूद सभी लोगों को हिरासत में ले लिया। जानकारी मिली है कि यह फार्म हाउस विनोद साहू का है, और पुलिस को लंबे समय से यहाँ इस तरह के अवैध आयोजनों की शिकायतें मिल रही थीं।

बेमेतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस जुआ और सट्टे के खिलाफ पूरी तरह सख्त है, और भविष्य में भी ऐसी कठोर कार्रवाईयाँ जारी रहेंगी। फिलहाल, नवागढ़ पुलिस सभी पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button