1971 के गौरवशाली इतिहास को याद कर सीएम साय ने वीर जवानों को किया नमन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजय दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस खास दिन पर उन्होंने 1971 के युद्ध में भारतीय सेना द्वारा दिखाए गए असाधारण साहस और वीरता को याद किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि 16 दिसंबर 1971 का दिन भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे सुनहरे पन्नों में दर्ज है। आज ही के दिन हमारे जांबाज सैनिकों ने अपने अद्भुत कौशल और पराक्रम से पाकिस्तानी सेना को घुटने टेकने और आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया था।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह जीत भारतीय सशस्त्र बलों के अटूट संकल्प और शौर्य का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद वीर जवानों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।
















