खेल

इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेटर बने शे होप, शुभमन गिल को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला 2025 में खूब चला है। कप्तानी संभालने के बाद उन्होंने विशेष रूप से टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, टी20 फॉर्मेट में उनकी फॉर्म अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। साल 2025 में शुभमन गिल ने अब तक सभी फॉर्मेट में खेले गए 33 मैचों की 40 पारियों में 51.05 की औसत से 1736 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।

गिल इस साल अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, लेकिन वेस्टइंडीज के अनुभवी खिलाड़ी शे होप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में उन्हें पीछे छोड़ दिया और नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया।

शे होप के नाम 2025 में अब सबसे अधिक 1749 रन हो गए हैं। साल 2025 में तीनों फॉर्मेट – टेस्ट, वनडे और टी20 – में सबसे ज्यादा रन बनाने की दौड़ अब शे होप और शुभमन गिल के बीच ही सिमट गई है। इन दोनों के अलावा अभी तक कोई भी बल्लेबाज 1600 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि साल का अंत होते-होते कौन यह बाजी जीतता है।

शेष मैचों की स्थिति

शे होप की बात करें तो, न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में उनकी एक पारी शेष है, और इसके बाद उन्हें कीवी टीम के खिलाफ एक और टेस्ट मैच खेलना है, जहाँ उन्हें दो बार और बल्लेबाजी करने का अवसर मिलेगा।

वहीं, शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस साल के खत्म होने तक भारत को मेहमान टीम के साथ 4 और टी20 मैच खेलने हैं। ऐसे में, गिल के पास नंबर-1 की दावेदारी ठोकने के लिए 4 मौके होंगे। हालांकि, उनके लिए यह काम आसान नहीं होने वाला है।

शे होप की बची हुई तीन पारियां टेस्ट फॉर्मेट में हैं। इस दौरान उनके पास लंबी पारियां खेलने और ज्यादा रन बनाने के बेहतर मौके होंगे। जबकि शुभमन गिल को टी20 फॉर्मेट में 4 पारियां खेलनी हैं, जहाँ उन्हें सीमित समय ही मिलेगा। अब 2025 का ‘रन-किंग’ कौन बनेगा, इसका फैसला अगले कुछ दिनों में हो जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button