शिवनंदनपुर का होगा कायाकल्प, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास से ₹2.33 करोड़ के 31 विकास कार्यों को मिली मंजूरी

रायपुर। भटगांव विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की विशेष पहल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 31 विकास परियोजनाओं को तकनीकी स्वीकृति (प्राविधिक स्वीकृति) प्रदान की गई है। इन सभी निर्माण कार्यों पर कुल 2 करोड़ 33 लाख 44 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अंतर्गत वार्डों में सड़कों का डामरीकरण/सीसी रोड, आरसीसी नालियों का निर्माण, पुलिया (कल्वर्ट) और पेवर ब्लॉक बिछाने जैसे महत्वपूर्ण काम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था के केंद्रों के संरक्षण हेतु वार्ड क्रमांक 7 में स्थित ‘देवगुड़ी’ तथा वार्ड क्रमांक 8 स्थित ‘सरना स्थल’ की बाउंड्री वॉल (चहारदीवारी) का निर्माण भी कराया जाएगा।
इन विकास कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों के लिए आवागमन आसान होगा और जल भराव की समस्या से राहत मिलेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रितेश जायसवाल ने इस बड़ी सौगात के लिए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का धन्यवाद व्यक्त किया है। सभी निर्माण कार्य तय विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप शीघ्र पूरे किए जाएंगे।
















