खेलदेश-विदेश

भारतीय पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने विश्व पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीता

कोबे (एजेंसी)। जो कभी नहीं हुआ वह भारतीय पैरा एथलीट ने कर दिखाया। भारतीय पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने विश्व कीर्तिमान के साथ विश्व पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीत लिया। बौद्धिक रूप से दिव्यांग दीप्ति ने टी-20 कैटेगरी की 400 मीटर दौड़ में 55.07 सेकेंड का समय निकाल कर नया कीर्तिमान बनाया और पेरिस पैरालम्पिक का टिकट भी कटा लिया।

दीप्ति जीवनजी ने अमेरिका की ब्रियाना क्लार्क की ओर से बीते वर्ष इसी चैम्पियनशिप में बनाए गए 55.12 सेकेंड के कीर्तिमान को पीछे छोड़ा। तुर्किये की आइसल ओंडेर ने 55.19 सेकेंड के साथ रजत और इक्वाडोर की लिजांशेला आंगुलो ने 56.68 सेकेंड के साथ कांस्य जीता। दीप्ति ने दो वर्ष पूर्व ही एथलेटिक्स को अपनाया है। उनकी आंखों में समस्या है।

उन्होंने रविवार को हीट में 56.18 सेकेंड का समय निकालते हुए नया एशियाई कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसे उन्होंने फाइनल में विश्व कीर्तिमान में बदल दिया। भारतीय डिस्कस थ्रोअर योगेश कथूनिया ने डिस्कस थ्रो की एफ-56 कैटेगरी में 41.80 मीटर के साथ रजत पदक जीता। टोक्यो पैरालम्पिक में रजत जीतने वाले योगेश का यह विश्व चैम्पियनशिप में तीसरा पदक है। बीते वर्ष उन्होंने पेरिस में रजत और 2019 में दुबई में उन्होंने कांस्य पदक जीता था।

वारंगल (तेलंगाना) जिले की रहने वाली दीप्ति के माता-पिता मजदूर हैं। उनके कोच एन रमेश के मुताबिक उसके गांववासी ताने देते थे दिमागी रूप से कमजोर होने के कारण उसकी शादी नहीं होगी, लेकिन हांगझोऊ एशियाड में स्वर्ण जीतने के बाद उसका जीवन बदला। यहां तक जिले के कलेक्टर ने दीप्ति के घर का दौरा किया तो उनके माता-पिता की हैरानी की सीमा नहीं रही।

एक पीईटी अध्यापक ने पहली बार स्कूल मीट में दीप्ति की प्रतिभा को पहचाना था। उन्होंने अध्यापक को बोला दीप्ति को उनके पास हैदराबाद भेजें। उन्हें बताया गया कि दीप्ति के पास बस का किराया देने के पैसे नहीं हैं। उन्होंने कंडक्टर से बात कर दीप्ति को हैदराबाद बुलाया और बाद में कंडक्टर को बस का किराया दिया। गोपीचंद की संस्था दीप्ति को प्रायोजित कर रही है।

टोक्यो पैरालम्पिक में रजत पदक जीतने वाले हाई जम्पर निषाद कुमार ने रविवार को यहां टी-47 कैटेगरी में ऊंची कूद का रजत पदक जीता। निषाद का भी यह विश्व चैम्पियनशिप में तीसरा पदक है। बीते वर्ष पेरिस में उन्होंने रजत और दुबई में कांस्य जीता था। टी-35 कैटेगरी की 200 मीटर दौड़ में प्रीति पॉल ने कांस्य पदक जीता। भारत अब तक इस चैम्पियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुका है। पिछले संस्करण में भारतीय एथलीटों ने तीन स्वर्ण पदक सहित 10 पदक जीते थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button