खेलटॉप न्यूज़देश-विदेश

धोनी के विशेष क्लब में रोहित हुए शामिल, कपिल देव.गांगुली को पीछे छोड़ा

दुबई (एजेंसी)। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी जीत के साथ ही पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर ली है। भारत ने दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया और 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 252 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने एक ओवर शेष रहते हासिल किया।

रोहित की कप्तानी में जीता दूसरा आईसीसी खिताब

इस खिताबी जीत के साथ ही रोहित भारत के लिए एक से अधिक आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं। रोहित के नेतृत्व में भारत ने इससे पहले पिछले साल टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था। भारत को अपनी कप्तानी में सबसे ज्यादा आईसीसी खिताब दिलाने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है जिन्होंने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीती है। धोनी के नेतृत्व में भारत ने 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। वहीं, सौरव गांगुली और कपिल देव की कप्तानी में भारत ने एक-एक आईसीसी खिताब जीते हैं। रोहित तीसरे ऐसे भारतीय कप्तान हैं जिसने चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।

भारत ने जीती सातवीं आईसीसी ट्रॉफी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवाकर 50 ओवर में 251 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 76 रन बनाकर भारत को मुश्किल से निकाला। यह भारत की सातवीं आईसीसी ट्रॉफी है। इससे पहले टीम 1983 और 2011 वनडे विश्व कप, 2007 और 2024 टी20 विश्व कप और 2002, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। उसने लगातार पांच मैच जीते।

लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की थी। भारत को 19वें ओवर में  पहला झटका लगा। शुभमन गिल 50 गेंद में एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। भारत को इसके बाद एक रन के अंतराल पर दो बड़े झटके लगे। माइकल ब्रेसवेल ने विराट कोहली को एल्बीडब्ल्यू आउट किया जो एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित और श्रेयस ने संभाला।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button