टॉप न्यूज़मध्यप्रदेश

भारत आगे बढ़े, दुनिया को शांति का संदेश दे इसके लिए काम कर रही मोदी सरकारः तरुण चुग

राष्ट्रीय महासचिव ने कहा- मोदी सरकार के 9 वर्षों में गरीबों के जीवन में आया बड़ा बदलाव

ग्वालियर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार के बीते 9 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन 9 वर्षों में मोदी सरकार लगातार इन प्रयासों में लगी रही है कि 21 वीं सदी का भारत कैसे आगे बढ़े, किस तरह सारी दुनिया में शांति का संदेश दे। बीते 9 सालों में तमाम संकटों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और सरकार की नीतियों से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुग ने मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत ग्वालियर के होटल शेल्टर में आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही। पत्रकार-वार्ता के शुभारंभ पर बालासोर हादसे के मृतकों की आत्मिक शांति एवं घायलों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

भारत की छवि घोटालेबाज देश की थी

श्री चुग ने कहा कि 2014 के पहले देश की अर्थव्यवस्था चरामराई हुई थी। भ्रष्टाचार और घोटाले चरम पर थे। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार 2004 से 2014 के बीच देश में 12 लाख करोड़ से अधिक के घोटाले हुए। दुनिया में भारत की छवि एक घोटालेबाज देश के रूप में बन गई थी। सरकार के मंत्री या तो जेल में थे या फिर बेल यानी जमानत पर थे। देश की अर्थव्यवस्था लकवे की शिकार थी और पूरे देश में हताशा तथा निराशा का वातावरण था। सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम शुरू किया और देश को उस स्थिति से बाहर निकाला। कांग्रेस सरकार के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं, तो वह संबंधित व्यक्ति तक आते-आते 15 पैसा ही बचता है। लेकिन हमें गर्व है कि आज अगर हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं, तो उस व्यक्ति तक पूरा एक रुपया पहुंचता है।

गरीबों के जीवन में आया बदलाव

श्री चुग ने कहा कि गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीबों के जीवन में ऐसे बदलाव आए हैं, जिनके बारे में उन्होंने पहले सोचा भी नहीं होगा। मोदी सरकार देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है। पहले जहां बड़ी आबादी को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिलता था, अब 11 करोड़ घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंच रहा है। 9 करोड़ से अधिक गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिये गए हैं। पहले कहा जाता था कि बैंकों के दरवाजे गरीबों के लिए नहीं खुलते, इस धारणा को बदलकर मोदी सरकार ने 46 करोड़ लोगों को जनधन खाते खोले और उन्हें बैंकिंग से जोड़ा। मोदी सरकार ने देश में 10 करोड़ शौचालय बनाए और 3.5 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए हैं। पहले जहां देश के गरीब बीमारियों के साथ जीने को ही अपनी नियति मानते थे, मोदी सरकार ने 50 करोड़ से अधिक लोगों आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया है। देश में 13 करोड़ लोगों को जीवन ज्योति बीमा की सुरक्षा प्रदान की गई है।

तेजी से आगे बढ़ रहा देश

श्री चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। श्रमिकों के लिए ई-श्रमिक पोर्टल बनाया गया है। 23 करोड़ लोगों को मुद्रा कॉर्ड दिये गए हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को साकार करने के लिए मोदी सरकार ने ऐसे कदम उठाए हैं, जिनसे बेटियां न सिर्फ बच रही हैं बल्कि पढ़ भी रही हैं और आगे बढ़ भी रही हैं। आज देश की सशस्त्र सेनाओं से लेकर हर क्षेत्र में बेटियां बराबरी से काम कर रही हैं। जिन हितग्राहियों को मुद्रा लोन दिये गए हैं, उनमें 7 प्रतिशत बेटियां ही हैं। श्री चुग ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति दी है। देश में 390 नए वि.वि., 7 नए आईआईएम और 7 नए आईआईटी खोले हैं। बीते 9 सालों में मोदी सरकार ने 225 नए मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज खोले हैं। देश में हजारों किलोमीटर नए हाईवे बनाए गए हैं और 111 जल मार्ग विकसित किए गए हैं, जिन पर टूरिज्म की शुरुआत भी हो गई है। मेट्रो और हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। 93 हजार से अधिक दुकानों से लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पहले हम विदेशों से हथियार खरीदते थे, लेकिन अब हम दूसरे देशों को हथियार बेचते हैं। बीते 9 सालों में भारत मोबाइल उपभोक्ता से मोबाइल उत्पादक और निर्यातक बन गया है। बीते 9 सालों में नक्सलवादी हमलों और आतंकी घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

संकटों के बावजूद तेजी से आगे बढ़ रही अथव्यवस्था

श्री चुग ने कहा कि 2011 में भारत की जीडीपी 112 लाख करोड़ थी, लेकिन मोदी सरकार ने जो सुधार किए उससे देश की जीडीपी अब 272 लाख करोड़ रुपये हो गई है। पहले जो प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आय 80 हजार रुपये थी, वो अब 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है, देश में 90 हजार नए स्टार्ट अप खोले गए हैं और 100 यूनिकॉर्न हैं। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 50 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया है। 2014 में देश का कुल निर्यात 19 लाख करोड़ रुपये था, जो अब 36 लाख करोड़ हो गया है, जबकि दुनिया मंदी का सामना कर रही है। 2011 में देश में गरीबों की संख्या 22 प्रतिशत थी, जो आईएमएफ के अनुसार अब 10 प्रतिशत कम हो गई है। अति गरीबों की संख्या भी 0.8 प्रतिशत तक सीमित हो गई है। श्री चुग ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11 वें स्थान पर था, जिसे मोदी सरकार ने अपने 9 वर्षों में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है और इस मामले में देश ने उन अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने देश पर 250 साल शासन किया था।

कृषि के क्षेत्र में लगाई बड़ी छलांग

श्री चुग ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में मोदी सरकार ने बड़ी छलांग लगाई है। पहले कृषि का जो बजट 12 हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, वो अब बढ़कर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये हो गया है। मोदी सरकार देश के 11 करोड़ किसानों को हर साल 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि दे रही है और अब तक किसान सम्मान निधि के रूप में 2.5 लाख करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। सरकार ने देश में कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 1 लाख करोड़ का अलग से प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से कृषि का जोखिम कम हुआ है, वहीं एफपीओ और फूड पार्क शुरू किए जा रहे हैं।

घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार का रिपोर्ट कॉर्ड

श्री चुग ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने 30 मई को अपने कार्यकाल के 9 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन सालों में मोदी सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें देश के लोगों तक पहुंचाने के लिए 30 जून तक महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री जी ने अजमेर से की थी। इस अभियान के दौरान पार्टी के 250 कार्यकर्ता देश के सभी 144 क्लस्टर्स में जा रहे हैं। ये कार्यकर्ता देश के 5 लाख विशिष्ट व्यक्तियों से मिलेंगे और पत्रकार वार्ता, सभाओं के माध्यम से मोदी सरकार का 9 वर्षों का रिपोर्ट कॉर्ड जनता तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती गीता शाक्य, संभाग प्रभारी श्री जीतू जिराती, सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, सांसद श्रीमती संध्या राय, प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री जवाहर प्रजापति आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button