खेल

विश्व कप : विराट कोहली ने वनडे में अपना 49वां शतक किया पूरा

कोलकाता (एजेंसी)। विश्व कप 2023 के 37वें मुकाबले में रविवार को भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से हो रहा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत अंक तालिका में पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। वहीं विराट कोहली ने वनडे में अपना 49वां शतक पूरा कर लिया है और सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। ऐसा माना जा रहा था कि अपनी मजबूती को देखते हुए टीम इंडिया रन का पीछा करना चाहेगी, लेकिन रोहित ने अलग निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वह चुनौती का सामना करना चाहते हैं। भारत ने प्लेइंग-11 में एक भी बदलाव नहीं किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने स्पिनर तबरेज शम्सी को तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी की जगह टीम में शामिल किया।

रोहित शर्मा ने चौके से अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर कवर्स बाउंड्री पर चौका लगाया। भारत को छठे ओवर में पहला झटका लगा। छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में रोहित अपना विकेट गंवा बैठे। रबाडा ने उन्हें तेम्बा बावुमा के हाथों कैच कराया। रोहित ने 24 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली। भारत को 11वें ओवर में 93 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 24 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने क्लीन बोल्ड किया।

भारत को 227 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 87 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एनगिडी ने मार्करम के हाथों कैच कराया। श्रेयस और विराट के बीच 134 रन की साझेदारी हुई।

भारत को 43वें ओवर में 249 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। मार्को यानसेन ने केएल राहुल को डुसेन के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में आठ रन बना सके। 46वें ओवर में 285 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। तबरेज शम्सी ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंद में पांच चौके की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button