मंत्री के काफिले की गाड़ी पर गिरा पत्थर, जांच में बच्चों का खेल आया सामने

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत साहू समाज भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले में खड़ी एक कार पर अचानक एक पत्थर आ गिरा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने फौरन मोर्चा संभाला और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आसपास खेल रहे चार नाबालिग बच्चों को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह कोई हमला या सोची-समझी साजिश नहीं थी। दरअसल, बच्चे भवन के पास खेल रहे थे और उसी दौरान खेल-खेल में उछाला गया एक पत्थर दुर्घटनावश मंत्री के काफिले की गाड़ी से टकरा गया।
मंत्री ने दिखाई दरियादिली
जब मंत्री लखन लाल देवांगन को इस बात की जानकारी मिली कि इस घटना के पीछे छोटे बच्चों का अनजाना खेल था, तो उन्होंने तुरंत पुलिस चौकी फोन किया। उन्होंने पुलिस से बच्चों के प्रति नरमी बरतने को कहा और स्पष्ट किया कि यह केवल बच्चों की नादानी है, इसलिए उन पर कोई सख्त कार्रवाई न की जाए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद बच्चों को समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया:
“शुरुआती जांच में किसी भी तरह की सुरक्षा चूक या साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं। बच्चों को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है। फिर भी, एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।”
















