रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 80 लाख की हेरोइन जब्त, 8 गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी मुहिम चलाते हुए शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से लगभग 400 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है, जिसका अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाज़ार मूल्य लगभग 80 लाख रुपये बताया जा रहा है।
पुलिस ने इन तस्करों से एक हुंडई अल्काज़ार कार, चार मोटरसाइकिल और दस मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इन सभी वाहनों और उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 3 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों पर कबीर नगर, आमानाका, सरस्वती नगर और आज़ाद चौक थानों में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ धारा 111 बीएनएस के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
ड्रग्स तस्करी के चार नेटवर्क ध्वस्त
अगस्त 2025 में हुई पिछली बड़ी कार्रवाई के बाद से, रायपुर पुलिस ज़िले में नशे के बढ़ते और बदलते नेटवर्क पर लगातार नज़र बनाए हुए थी। जांच में पाया गया कि पहले बड़े सप्लायर पंजाब से बड़ी खेप भेजते थे, लेकिन अब छोटे गिरोह खुद पंजाब जाकर कम मात्रा में चिट्टा लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने लगे थे। पुलिस ने इस नए पैटर्न को निशाना बनाते हुए, समानांतर रूप से सक्रिय चार प्रमुख नेटवर्क को सफलतापूर्वक तोड़ दिया है:
- कमलेश अरोड़ा का गिरोह
कमलेश अरोड़ा बड़े सप्लायरों के लिए बिचौलिए (फ्रंट) के रूप में काम करता था, जिसका नेटवर्क धमतरी, बालोदबाजार और जगदलपुर जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ था। उसके पास से 303 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। उसकी निशानदेही पर धमतरी निवासी गौरव सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है।
- बगेल सिंह का जाल
बगेल सिंह पंजाब से मादक पदार्थ लाता था और छोटे पैडलरों को सप्लाई करता था। वह पहले रायपुर में ड्राइविंग करता था और इस दौरान एक नया नेटवर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने शुरुआती चरण में ही विफल कर दिया।
- आयुष दुबे का समूह
आयुष दुबे पहले सुवीत श्रीवास्तव और पिंडर गिरोह से चिट्टा खरीदता था, लेकिन बाद में उसने स्वयं पंजाब जाकर मादक पदार्थ लाकर बेचना शुरू कर दिया। इस नेटवर्क में मृत्युंजय, तन्मय और सोनू साहू आर्थिक सहयोगी थे। इन सभी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
- गगनदीप सिंह की सक्रियता
गगनदीप सिंह एक टियर 2 सप्लायर के रूप में काम करता था। वह बड़ी मात्रा में चिट्टा खरीदकर उसे छोटे-छोटे पैकेटों में बांटकर बेचता था।
पुलिस अब इन सभी नेटवर्कों के टियर 1 सप्लायरों (शीर्ष तस्करों) तक पहुंचने के लिए आगे और पीछे के सभी लिंक की गहन जांच कर रही है।
कार्रवाई का घटनाक्रम
28 नवंबर 2025, थाना कबीर नगर: कमलेश अरोड़ा 303 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार।
3 दिसंबर 2025, थाना आमानाका: बगेल सिंह 51.85 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार।
5 दिसंबर 2025, थाना सरस्वती नगर: आयुष दुबे और मृत्युंजय दुबे 26.33 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार। तन्मय गोइंदी से 5.30 ग्राम चिट्टा बरामद और सोनू साहू भी गिरफ्तार।
5 दिसंबर 2025, थाना आज़ाद चौक: गगनदीप सिंह 15.18 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार।
सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
रायपुर पुलिस की आम जनता से अपील
नशे से प्रभावित व्यक्ति आगे आएं और पुनर्वास के लिए पंजीकरण कराएं।
सभी परिजन अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर सतर्कता रखें।
होटल, लॉज और रेस्ट हाउस के मालिक यह सुनिश्चित करें कि उनके परिसर का इस्तेमाल नशीले पदार्थों के सेवन या व्यापार के लिए न हो।
नागरिक नशे के खिलाफ किसी भी खुफिया जानकारी को पुलिस तक पहुंचाकर इस जंग में सहयोग करें।
















