छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना : छत्तीसगढ़ में महिलाओं की स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण की नई राह

रायुपर। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई ‘महतारी वंदन योजना’ प्रदेश की महिलाओं को न केवल वित्तीय मदद प्रदान कर रही है, बल्कि उनमें नया आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित कर रही है। हर महीने मिलने वाली निश्चित राशि के जरिए महिलाएं अब अपने परिवार की वित्तीय जरूरतों में सीधे तौर पर हाथ बंटा पा रही हैं।

गौरेला की नीलम को मिली योजना की 30वीं किस्त

इस बदलाव की एक प्रत्यक्ष मिसाल गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत लालपुर की निवासी श्रीमती नीलम राठौर हैं। हाल ही में उनके खाते में महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त हस्तांतरित की गई है। नीलम का कहना है कि पहले छोटी-मोटी पारिवारिक जरूरतों के लिए उन्हें आर्थिक किल्लत का सामना करना पड़ता था और इंतजार करना पड़ता था। हालांकि, नियमित सहायता मिलने के बाद से अब वे अपने घरेलू खर्चों को प्राथमिकता के आधार पर आसानी से पूरा कर पा रही हैं।

निर्णय लेने की क्षमता और बढ़ा आत्मसम्मान

नीलम के अनुसार, यह योजना केवल एक आर्थिक मदद नहीं बल्कि उनके आत्मसम्मान का जरिया बनी है। वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर होने के कारण अब वे परिवार के वित्तीय मामलों में बेझिझक अपनी राय रख पाती हैं। इससे उन्हें परिवार की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका होने का अहसास होता है।

महिला सशक्तिकरण से सामाजिक विकास की ओर कदम

प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को वित्तीय सुरक्षा प्रदान कर समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ना है। महतारी वंदन योजना के सफल क्रियान्वयन से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर अपने भविष्य के प्रति निश्चिंत हो रही हैं।

योजना के सफल संचालन और समय पर मिलने वाली आर्थिक मदद के लिए नीलम राठौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद व्यक्त किया है। नीलम जैसे कई उदाहरण यह साबित करते हैं कि एक सही समय पर दी गई आर्थिक सहायता महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में बेहद कारगर सिद्ध हो रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button