खेल

भारत ने चौथी बार जीता हॉकी एशिया कप, साउथ कोरिया को 4-1 से विश्व कप के लिए किया क्वालिफाई

स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। भारतीय हॉकी टीम ने हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 के बड़े अंतर से हराया। यह चौथी बार है जब भारतीय टीम ने हॉकी एशिया कप का खिताब जीता है। इस जीत के साथ ही भारत ने बेल्जियम और नीदरलैंड द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले 2026 विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

फाइनल मुकाबला: भारत बनाम दक्षिण कोरिया

भारत ने मैच की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर के बाद भी भारत 1-0 से आगे रहा। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने एक और गोल दागा और हाफ टाइम तक स्कोर 2-0 कर दिया। दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।

तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत ने तीसरा गोल किया, जिससे बढ़त 3-0 हो गई। चौथे क्वार्टर के 50वें मिनट में भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे रोहिदास ने गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया। इसके तुरंत बाद, दक्षिण कोरिया ने एक गोल करके अपनी हार का अंतर कम किया, लेकिन भारतीय टीम ने मजबूत डिफेंस दिखाते हुए स्कोर 4-1 बनाए रखा और मैच जीत लिया।

फाइनल तक का सफर

भारतीय हॉकी टीम ने अपने आखिरी सुपर-4 मैच में चीन को 7-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और टीम अजेय रही। वहीं दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया ने अपने सुपर-4 मैच में मलेशिया को 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

हॉकी एशिया कप में भारत का इतिहास

हॉकी एशिया कप में भारत का प्रदर्शन हमेशा अच्छा रहा है। टीम ने इससे पहले 2003, 2007 और 2017 में भी खिताब जीता था, और अब 2025 में चौथी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है। इसके अलावा, भारतीय टीम पांच बार (1982, 1985, 1989, 1994 और 2013) उपविजेता भी रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button