छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

सोख्ता गड्ढ़ा निर्माण में जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज

बलरामपुर। जल संरक्षण के उद्देश्य से जिले में मोर गांव मोर पानी अभियान अंतर्गत लक्ष्य से अधिक 1 लाख 65 हजार 193 सोख्ता गड्ढ़ों का निर्माण किया गया। जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं, आमजनों ने सोख्ता गड्ढ़ा निर्माण में जनसहभागीता दिखाते हुए जलसंरक्षण की दिशा में मिशाल पेश की जिसके तहत् सोख्ता गड्ढ़ा निर्माण में जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल किया गया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की स्टेट हेड श्रीमती सोनल शर्मा ने कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री कटारा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर के नेतृत्व में सभी जनपद पंचायतों में अभियान को सफल बनाने सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाई। अभियान को सफल बनाने जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत स्तर पर दीवार लेखन जैसे अन्य गतिविधियां कर जागरूक किया गया। ग्राम स्तर पर जनसंवाद के माध्यम से जलसंरक्षण के महत्व को समझाया गया। पोस्टर, बैनर के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया गया। साथ ही इस अभियान को सफल बनाने पंचायतों को तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि गड्ढे की लंबाई-चौड़ाई क्या होनी चाहिए। उसमें उपयोग होने वाली सामग्री जैसे ईंट, बोल्डर, बालू के बारे में जानकारी दी गई। मोर गांव मोर पानी अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों, प्रधानमंत्री आवास हितग्राही, नरेगा कार्ड जॉबधारी की प्रभावी भूमिका रही। उन्होंने स्वयं के घर पर सोख्ता गड्ढ़ा निर्माण कर अन्य महिलाओं को जागरूक किया और अपने आस-पड़ोस में स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी ली।

इस अभियान अंतर्गत वर्षा जल संचयन के लिए सोखता गड्ढा निर्माण में प्रशासन सहित आमजनों की सक्रिय भूमिका रही है। जिसके परिणामस्वरूप जिले में 1 लाख 65 हजार से भी अधिक सोख्ता गड्ढ़ों का निर्माण किया गया। प्रशासन और आमनागरिकों के सहभागीता के दृष्टिगत कहा जा सकता है कि सुनियोजित रणनीति और सक्रिय जनभागीदारी से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button