खेल

रांची में टीम इंडिया को मिली ‘थाला’ की मेहमान नवाज़ी : धोनी ने घर पर दी डिनर पार्टी, विराट को खुद छोड़ा होटल

रांची (एजेंसी)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला मुकाबला रांची में खेला जाना है। इस मैच के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ी, जिनमें रोहित शर्मा और विराट कोहली शामिल हैं, रांची पहुँच चुके हैं।

रांची भारतीय क्रिकेट के महान कप्तान एम.एस. धोनी का गृह नगर है। ऐसे में, ‘माही’ ने अपने पुराने साथी खिलाड़ियों के लिए अपने घर पर एक खास डिनर पार्टी का आयोजन किया। इस पार्टी में विराट कोहली और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी शामिल हुए।

इस दौरान, एक बार फिर फैंस को विराट कोहली और एम.एस. धोनी की दोस्ती की झलक देखने को मिली। डिनर पार्टी समाप्त होने के बाद, धोनी खुद विराट कोहली को अपनी कार में बिठाकर होटल तक छोड़ने गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रहा है और क्रिकेट प्रेमियों को इन दोनों दिग्गजों का यह याराना बहुत पसंद आ रहा है।

विराट-धोनी की पुरानी दोस्ती

यह सब जानते हैं कि विराट कोहली ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत एम.एस. धोनी की कप्तानी में ही की थी। भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर विराट कोहली को तैयार करने में धोनी का अहम योगदान रहा है।

धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद, विराट ने तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान संभाली और भारतीय क्रिकेट को एक नई ऊँचाई पर पहुंचाया। एम.एस. धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह अभी भी आईपीएल में सक्रिय हैं। वहीं, विराट कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल केवल वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं।

विराट कोहली बुधवार को लंदन से रांची पहुंचे थे और अगले ही दिन यानी गुरुवार को वह धोनी के घर डिनर पार्टी में शामिल हुए। लंबे समय बाद इन दोनों दिग्गजों को इस तरह मिलते देखना फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।

आपको बता दें, भारत ने रांची में आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच पिछले साल फरवरी 2024 में खेला था, जो भारत-इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट था। हालांकि, उस सीरीज़ में अपने दूसरे बच्चे अकाय के जन्म के कारण विराट कोहली टीम के साथ नहीं थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button