एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने का निर्णय स्वागतयोग्य : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों द्वारा हड़ताल खत्म करने के फैसले का स्वागत किया है। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने श्री साय से मुलाकात की और उन्हें बताया कि उनकी प्रमुख मांगें पूरी होने के बाद वे अपनी हड़ताल वापस ले रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कल से पूरे राज्य में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने एनएचएम कर्मचारियों के इस कदम को सराहनीय और राज्य के हित में बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सभी कर्मचारियों को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी उचित मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है। उन्होंने आगे कहा कि जनता का स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है और सरकार ने इस दिशा में हमेशा ठोस कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एनएचएम कर्मचारियों के काम पर लौटने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और भी मजबूत होंगी और जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेगा।
गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। राज्य सरकार ने उनकी चार मांगें मान ली हैं और तीन अन्य मांगों पर विचार के लिए एक समिति बनाई है। वहीं, संविलयन, पब्लिक हेल्थ कैडर और आरक्षण से जुड़ी मांगों पर केंद्र सरकार को फैसला लेना है।
इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर हड़ताल खत्म होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर कर्मचारी राज्य के परिवार का सदस्य है और एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करके राज्य के हित में एक प्रशंसनीय फैसला लिया है।
इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ. देवकांत चतुर्वेदी और अन्य सदस्य भी मौजूद थे।